Kaithal Car Accident News: हरियाणा के कैथल जिले में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा गांव सिसमौर के पास हुआ, जहां सात युवकों से भरी टाटा अल्ट्रोज कार अनियंत्रित होकर नहर की पुलिया से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार सवार तीन युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। कार में सवार सभी युवक गांव करोड़ा के रहने वाले थे और परिवार के सदस्य से मिलने के लिए कैथल जा रहे थे।
हादसे में अजय, नवदीप और प्रदीप की मौत
इस भीषण हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान 22 वर्षीय अजय कुमार, 20 वर्षीय नवदीप और 32 वर्षीय प्रदीप कुमार के रूप में हुई है। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार में सवार साहिल, नरेंद्र, गौरव और अर्जुन गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और इलाज के लिए कैथल के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। चारों घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
परिवार के इकलौते थे अजय और प्रदीप
इस हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। मृतकों में अजय कुमार और प्रदीप कुमार अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। अजय गांव में सैलून चलाकर परिवार का सहारा बने हुए थे। वहीं, 32 वर्षीय प्रदीप कुमार शादीशुदा थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा और एक बेटी हैं। प्रदीप की अचानक मौत से पत्नी और बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
हादसे के बाद गांव करोड़ा में पसरा मातम
हादसे की खबर गांव करोड़ा पहुंचते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। तीन युवकों की एक साथ मौत से परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम का माहौल है और मृतकों के परिजनों को सांत्वना देने के लिए रिश्तेदारों और ग्रामीणों का पहुंचना जारी है। एक ही गांव के तीन युवकों की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। जिन परिवारों में कुछ समय पहले तक खुशियां थीं, वहां अब अपनों को खोने का गम है।














