Haryana News: गुरुग्राम के पटौदी कस्बे में रामलीला मैदान स्थित ऊनी कपड़ों के बाजार में रविवार सुबह आग लगने से करीब 25 दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। पटौदी के रामलीला मैदान के पूर्वी हिस्से में हर साल नवंबर से फरवरी तक ऊनी कपड़ों का बाजार लगाया जाता है। इस साल भी ये दुकानें लगी हुई हैं।
आग से कोई हताहत नहीं हुआ
अधिकारी के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा बाजार उसकी चपेट में आ गया। सूचना मिलने पर पटौदी और मानेसर से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। उन्होंने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
बहुत तेजी फैली आग
एक अधिकारी ने बताया कि इलाके की एक महिला ने सुबह करीब चार बजे आवाज सुनी और देखा कि बाजार में आग लगी है। उसने अन्य लोगों को इसकी सूचना दी, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। आग लगने के कारणों और नुकसान का तत्काल पता नहीं चल सका है।
लाखों रुपये का माल खाक
स्थानीय निवासियों ने बताया कि पटौदी के रामलीला मैदान के पूर्वी हिस्से में हर साल नवंबर से फरवरी तक ऊनी कपड़ों का बाजार लगाया जाता है। इस साल यह बाजार चार नवंबर को हिमालयन ट्राइबल ट्रेड एसोसिएशन के तत्वावधान में शुरू हुआ था। इसमें हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के विक्रेताओं ने दुकानें लगाई थीं। दुकानदारों के अनुसार, प्रत्येक दुकान में लाखों रुपये के सर्दियों के कपड़ों का भंडार था।














