Haryana News: हरियाणा में HTET का बिगुल! 26 और 27 दिसंबर को परीक्षा, कल आएगा पूरा शेड्यूल

On: November 16, 2026 5:46 PM
Follow Us:

Haryana News: हरियाणा में शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी HTET 2026 की तारीखों को मंजूरी मिलने के बाद परीक्षा का शेड्यूल लगभग फाइनल कर लिया है। HTET की परीक्षा 26 और 27 दिसंबर को आयोजित की जाएगी। बोर्ड चेयरमैन शंकर धूपड़ ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि परीक्षा का विस्तृत शेड्यूल कल जारी कर दिया जाएगा। परीक्षा दो दिनों में तीन सत्रों में आयोजित होगी। वहीं बोर्ड चेयरमैन ने अभ्यर्थियों को अपनी तैयारी जारी रखने और किसी भी तरह की घबराहट से बचने की सलाह दी है।

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से HTET 2026 की परीक्षा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बोर्ड चेयरमैन शंकर धूपड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि परीक्षा के आयोजन के लिए बोर्ड ने पहले ही शिक्षा विभाग को अलग-अलग संभावित तारीखों का प्रस्ताव भेजा था। अब सरकार और शिक्षा विभाग की ओर से 26 और 27 दिसंबर की तारीखों को मंजूरी मिल गई है। ऐसे में HTET 2026 की परीक्षा इन्हीं दो दिनों में आयोजित की जाएगी। चेयरमैन ने बताया कि परीक्षा का विस्तृत शेड्यूल कल जारी कर दिया जाएगा।

चेयरमैन के अनुसार परीक्षा पहले की तरह तीन सत्रों में आयोजित की जाएगी। पहले दिन यानी 26 दिसंबर को सायंकालीन सत्र में परीक्षा होगी, जबकि 27 दिसंबर को सुबह और शाम के सत्र में परीक्षा आयोजित की जाएगी। हालांकि परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की वास्तविक संख्या का अनुमान अभी नहीं लगाया जा सकता। उन्होंने बताया कि पिछली HTET परीक्षा के लिए तीन लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जबकि करीब 2 लाख 31 हजार अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी।

बोर्ड चेयरमैन ने यह भी स्पष्ट किया कि परीक्षा की तारीखों को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने पहले से ही तैयारियां शुरू कर दी थीं और अब आयोजन को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी हैं। उन्होंने भावी अध्यापकों से अपील की कि वे अपनी पढ़ाई और मेहनत जारी रखें। किसी भी तरह की घबराहट में आने की जरूरत नहीं है।

फिलहाल HTET 2026 में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अब विस्तृत परीक्षा शेड्यूल का इंतजार है, जिसे बोर्ड की ओर से कल जारी किया जाएगा। 26 और 27 दिसंबर को होने वाली इस परीक्षा के जरिए हजारों युवाओं को शिक्षक बनने की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now