Toll Tax: टोल प्लाजा पर लगने वाले लंबे जाम और समय की बर्बादी से राहत दिलाने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) जल्द ही मल्टी लेन फ्री फ्लो (MLFF) टोलिंग सिस्टम लागू करने जा रहा है। इस नई तकनीक के जरिए वाहन चालकों को टोल प्लाजा पर रुकने की जरूरत नहीं पड़ेगी और टोल टैक्स स्वतः कट जाएगा।
अधिकारियों के अनुसार, MLFF एक बाधारहित टोलिंग प्रणाली है, जिसमें वाहन तेज गति से टोल प्लाजा पार कर सकेंगे। यह प्रणाली FASTag और एआई आधारित नंबर प्लेट पहचान तकनीक के जरिए काम करती है। कैमरे और सेंसर वाहन के फास्टैग या नंबर प्लेट को तुरंत स्कैन कर टोल शुल्क काट लेते हैं।
फास्टैग के दुरुपयोग पर सख्ती
एनएचएआई ने स्पष्ट किया है कि एक वाहन का फास्टैग दूसरे वाहन में इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा। ऐसा करने पर संबंधित फास्टैग को ब्लैकलिस्ट कर दिया जाएगा। साथ ही वाहन की नंबर प्लेट में किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या गलत अंक पाए जाने पर भी कार्रवाई की जाएगी।
आगरा के टोल प्लाजा को मिलेगा फायदा
आगरा में मौजूद प्रमुख टोल प्लाजा जयपुर हाईवे, ग्वालियर हाईवे, न्यू दक्षिणी बाइपास, आगरा-दिल्ली हाईवे, आगरा-इटावा हाईवे और हाथरस रोड पर अक्सर लंबी कतारें लग जाती हैं। इससे न केवल यात्रियों का समय खराब होता है बल्कि ईंधन की भी खपत बढ़ती है। प्रस्तावित MLFF सिस्टम लागू होने के बाद इन समस्याओं में काफी कमी आने की उम्मीद है। जल्द ही उत्तरी बाइपास पर भी नया टोल प्लाजा शुरू किया जाएगा।
देश के अन्य राज्यों में सफल परीक्षण
एनएचएआई अधिकारियों के मुताबिक MLFF सिस्टम के परीक्षण अब तक सफल रहे हैं। इसकी शुरुआत चोर्यासी के एक टोल प्लाजा से की गई थी, जिसके बाद इसे तमिलनाडु के दो दर्जन से अधिक टोल प्लाजा पर लागू किया जा चुका है।
कैसे काम करती है यह तकनीक
MLFF सिस्टम में एआई आधारित हाई-रिजोल्यूशन कैमरे और सेंसर लगे होते हैं, जो तेज गति से गुजरते वाहनों की नंबर प्लेट और फास्टैग को स्कैन करते हैं। इसके बाद संबंधित बैंक खाते या वॉलेट से स्वतः टोल शुल्क कट जाता है, जिससे वाहन बिना रुके आगे बढ़ सकते हैं।
इस नई व्यवस्था से टोल प्लाजा पर ट्रैफिक जाम कम होगा, यात्रा समय घटेगा और ईंधन की बचत भी होगी।
google-site-verification: google37146f9c8221134d.html













