फरीदाबाद: गणेश चतुर्थी का त्योहार आते ही बाजारों में रौनक छा जाती है. फरीदाबाद के बाजारों में जगह-जगह गणेश जी की मूर्तियां बिकती हुई दिखाई दे रही हैं. बाईपास से जाते हैं और मुंबई एक्सप्रेसवे की तरफ जाते हैं तो आपको राजस्थान के कलाकार गणेश जी की मूर्तियां बेचते हुए दिखाई देंगे. वहीं फरीदाबाद के अंदर मार्केट में भी गणेश जी की मूर्तियां खूब बिक रही हैं. सबसे सस्ती मूर्तियां और एक से बढ़कर एक डिजाइन फरीदाबाद के सेक्टर 17 बाईपास रोड मुंबई एक्सप्रेसवे रोड किनारे लगी एक स्टाल पर मिल रही हैं.
यहां गणेश जी की मूर्तियां 70 प्रतिशत तक के डिस्काउंट में बेची जा रही हैं. यही वजह है कि लोग यहां मूर्तियां खरीदने पहुंच रहे हैं. हालांकि इस बार बारिश की वजह से मूर्तियों की बिक्री थोड़ी कम हुई है. फरीदाबाद में लगातार बारिश हो रही है, इसके बावजूद कलाकार खुश हैं. उनका कहना है कि डिस्काउंट देकर अच्छी कीमत पर मूर्तियां बेच रहे हैं और कोई भी ग्राहक उनके यहां से खाली हाथ नहीं लौट रहा है. यहां मूर्तियों पर 70 प्रतिशत तक डिस्काउंट दिया जा रहा है. अगर आप 10 हजार रुपये की मूर्ति खरीदते हैं तो आपको वह 3 हजार रुपये तक में मिल सकती है. यहां बड़ी-बड़ी मूर्तियां भी उपलब्ध हैं.
राजस्थान से आए कलाकार बेच रहे मूर्तियां
Local18 से बातचीत में दुकानदार रोहन राजपूत बताते हैं कि मैं राजस्थान के चित्तौड़ का रहने वाला हूं. मैं मूर्तियों का काम करता हूं और गणेश जी की मूर्तियां बेच रहा हूं. हमारे पास गणेश जी की जितनी भी मूर्तियां हैं, सभी इको फ्रेंडली हैं. जितने भी डिजाइन हैं, सभी कोलकाता और महाराष्ट्र के डिजाइन हैं और यह मूर्तियां भी महाराष्ट्र और कोलकाता से ही लाई गई हैं. इन मूर्तियों की खासियत यह है कि पानी में जाने के बाद चार से पांच मिनट में डिसोल्व हो जाती हैं.
उन्होंने बताया कि मूर्ति में किसी प्रकार के केमिकल का इस्तेमाल नहीं किया गया है. इसमें आप अधिकतम 10 फुट की मूर्ति भी बनवा सकते हैं और 15 फुट की मूर्ति भी ऑर्डर पर बनवा सकते हैं. अभी हमारे पास 4 फुट की गणेश जी की मूर्ति भी उपलब्ध है. ऑर्डर पर हम 10 से 15 फुट तक की मूर्ति बना देते हैं. गणेश जी को वस्त्र वगैरह हमने खुद पहनाए हैं. हमारे पास 100 रुपये से लेकर 10 हजार रुपये तक की मूर्तियां हैं. वैसे हम ग्राहकों को 50 प्रतिशत तक डिस्काउंट करके दे रहे हैं, लेकिन जरूरत पड़ने पर 70 प्रतिशत तक डिस्काउंट भी कर देते हैं.
बिना रंग वाली मूर्तियों की भी मांग बढ़ी
रोहन बताते हैं कि हमारे पास गणेश जी की बिना पेंट की हुई यानी बिना रंग वाली मूर्तियां भी हैं और यह मूर्तियां ज्यादा बिक रही हैं. मूर्ति की खासियत यह है कि पानी में जाते ही तीन से चार मिनट में घुल जाएगी. इसमें किसी तरह का केमिकल नहीं है. अभी बारिश आई थी तो देखिए बारिश में अपने आप ही मिट्टी पिघल गई, क्योंकि हमने इसे ढका नहीं था. मिट्टी ऐसी है कि पानी की बूंद पड़ते ही पिघल जाती है. इस बार बारिश ज्यादा हो रही है, इसलिए पिछले साल की तुलना में सेल थोड़ी कम है.
उन्होंने कहा कि हमारे पास पब्लिक पूरे दिल्ली एनसीआर से आते हैं. ग्राहक कितनी दूर-दूर से आते हैं, क्योंकि हम इतने अच्छे डिस्काउंट पर मूर्तियां लोगों को दे रहे हैं. बिल्कुल उचित रेट पर मूर्तियां मिल रही हैं. पूरे फरीदाबाद में इतना डिस्काउंट शायद ही कहीं मिलेगा. मूर्तियां खरीदने के लिए गुरुग्राम से भी पुराने ग्राहक हमारे पास आते हैं.
ग्राहक की पसंद के हिसाब से सजाते गणेश
रोहन बताते हैं कि सिंपल गणेश जी की मूर्ति पर ग्राहक जैसा वस्त्र पहनाना चाहते हैं, हम वैसा ही पहनाकर देते हैं. सभी मूर्तियों को डेकोरेट करके देते हैं. गणेश चतुर्थी का यह दो दिन का ही खेल है, इसलिए हमने ज्यादा डिस्काउंट दिया है, ताकि हमारी मूर्तियां निकल जाएं. यह इको फ्रेंडली गणेश जी की मूर्तियां हैं और मिट्टी की बनी हैं, जो घर में विसर्जन के बाद पानी में घुल जाती हैं. हमारे पास ऐसे भी गणेश जी हैं जो चांद पर बैठे हुए हैं. इन मूर्तियों का ऑर्डर ग्राहकों ने दिया था, जिसके बाद हमने इन्हें तैयार किया.












