दीवाली-छठ पर घर जाने वाले लोगों को रेलवे की बड़ी सौगात, बढ़ेगी स्पेशल ट्रेनों की संख्या, 4 नोटिफाई; 5 और ट्रेनों का प्रस्ताव

On: October 6, 2026 11:49 AM
Follow Us:

Haryana News: त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने स्पेशल ट्रेनों की तैयारी शुरू कर दी है। अंबाला मंडल में अभी तक चार फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें नोटिफाई हो चुकी हैं, जबकि यात्रियों की मांग और संभावित भीड़ को देखते हुए मंडल ने पांच और स्पेशल ट्रेनों का प्रस्ताव मुख्यालय को भेजा है। अधिकारियों को उम्मीद है कि यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ इन ट्रेनों को भी जल्द नोटिफाई किया जाएगा।

अंबाला मंडल के सीनियर डीसीएम ने बताया कि अंबाला एक महत्वपूर्ण थ्रू डिवीजन है, जहां से दूसरे मंडलों की कई ट्रेनें भी होकर गुजरती हैं। मौजूदा समय में जिन चार फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों को मंजूरी मिली है, उनमें चंडीगढ़-पटना, चंडीगढ़-बनारस, अंबाला-मऊ और बठिंडा-बनारस स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं।

इसके अलावा अंबाला मंडल ने पांच अन्य ट्रेनों का प्रस्ताव भी भेजा है। इनमें चंडीगढ़-कटिहार, चंडीगढ़-बनारस, चंडीगढ़-लखनऊ, बठिंडा-लखनऊ और सरहिंद-सहरसा स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, त्योहारी सीजन में जैसे-जैसे यात्रियों की संख्या बढ़ेगी, इन ट्रेनों को भी आवश्यकता के अनुसार नोटिफाई किया जाएगा।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे भीड़ को देखते हुए घबराने के बजाय धैर्य रखें। अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है और दूसरे मंडलों की स्पेशल ट्रेनें भी अंबाला से होकर गुजरेंगी।

अधिकारियों के अनुसार, दशहरे से पहले ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़नी शुरू हो जाती है और छठ पूजा तक यह सिलसिला जारी रहता है। इसी को देखते हुए कुछ स्पेशल ट्रेनें 1 अक्टूबर से ही नोटिफाई की जा चुकी हैं। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर अतिरिक्त ट्रेनों को भी चलाया जाएगा।

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे स्टेशनों पर अतिरिक्त टिकट काउंटर भी खोले जाएंगे। वहीं, यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। RPF की ओर से जरूरत के मुताबिक अतिरिक्त बल की व्यवस्था की जाएगी, ताकि त्योहारी सीजन के दौरान यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो और वे सुरक्षित तरीके से अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now