Last Updated:
Gurugram Encounter: गुरुग्राम के सोहना-पलवल रोड पर पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात गौ-तस्कर साजिद उर्फ आडवानी ढेर हो गया. उसके दो साथी फरार होने में कामयाब रहे.सिलानी मोड़ के पास पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ हो गई.
हरियाणा के गुरुग्राम जिले में 15 अक्तूबर की सुबह एनकाउंटर देखने को मिला, जिसमें पुलिस ने कुख्यात गौ-तस्कर को ढेर कर दिया.
गुरुग्राम. हरियाणा के गुरुग्राम जिले में 15 अक्तूबर की सुबह एनकाउंटर देखने को मिला, जिसमें पुलिस ने कुख्यात गौ-तस्कर को ढेर कर दिया. सोहना-पलवल रोड पर गांव सिलानी मोड़ के पास गुरुवार तड़के सीआईए नूंह की टीम और गौतस्करी के आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई. पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से साजिद उर्फ आडवानी (27), निवासी खरखड़ी, नूंह की मौत हो गई. वहीं, उसके साथ मौजूद दो अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहे.
जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार सुबह करीब चार बजे की है. सीआईए नूंह की टीम को गौतस्करी के आरोपियों के बारे में सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपियों का पीछा शुरू किया. आरोपी थार गाड़ी में दो गायों को लेकर जा रहे थे. सिलानी मोड़ के पास पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ हो गई.
मुठभेड़ के दौरान साजिद उर्फ आडवानी को गोली लग गई. पुलिस टीम ने उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन दोनों फरार आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में सफल रहे.
घटना के बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल सोहना में रखवाया गया. वहीं, सीन ऑफ क्राइम और एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी. टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए और मुठभेड़ से जुड़े तथ्यों की जांच की. गाड़ी में मौजूद गायों की स्थिति और उनकी जांच के लिए पशु चिकित्सक को भी मौके पर बुलाया गया.
दो साथी मौके से भाग गए
पुलिस ने थार गाड़ी को कब्जे में लेकर उसकी भी जांच शुरू कर दी है. फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपियों के भागने की दिशा और उनके बारे में सुराग मिल सके. गौर रहे कि अपराधी शाहिद उर्फ आडवाणी हरियाणा-राजस्थान में सक्रिय था और उस पर गौकशी, लूट, डकैती, दुष्कर्म व पुलिस पर फायरिंग समेत करीब 30 आपराधिक मामले दर्ज थे और वह आडवाणी पुत्र जुम्मे खां निवासी खड़खड़ी तावडू का रहने वाला था.
About the Author

Vinod Kumar Katwal is a Senior journalist with over 14 years of experience across print and digital media. He currently serves as a Senior Correspondent at News 18 Hindi, leading Himachal Pradesh, Chandigarh an…






