Haryana News: हरियाणा की राजनीति में चौटाला परिवार के बीच जुबानी जंग एक बार फिर तेज हो गई है। जननायक जनता पार्टी के नेता दिग्विजय सिंह चौटाला ने अपने चाचा और इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला पर तीखा हमला बोला है। दिग्विजय चौटाला ने अभय चौटाला की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए उन पर प्रदेश में डर का माहौल पैदा करने का आरोप लगाया। उन्होंने इनेलो को क्रिमिनल और गुंडा तत्वों की पार्टी करार देते हुए कहा कि पार्टी की छवि खराब करने के लिए अभय चौटाला जिम्मेदार हैं।
दिग्विजय सिंह चौटाला ने डबवाली में कार्यकर्ताओं से मीटिंग के बाद मीडिया को दिए बयान में कहा कि अभय चौटाला का मानसिक संतुलन खो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अभय चौटाला हर दिन प्रदेश में खौफ फैलाने का काम करते हैं। दिग्विजय ने कहा कि ऐसे लोगों की वजह से ही प्रदेश की राजनीति और पार्टी का सत्यानाश हुआ है। उन्होंने देवीलाल के जमाने से लेकर अब तक इनेलो की छवि खराब होने के लिए भी अभय चौटाला को जिम्मेदार ठहराया।
दिग्विजय चौटाला ने अपने बयान में कहा कि अभय चौटाला ने पार्टी का बंटाधार कर दिया है। उनके मुताबिक, राजनीति में जनता के मुद्दों पर बात होनी चाहिए, न कि लोगों को डराने और धमकाने का माहौल बनाया जाना चाहिए। उन्होंने अभय चौटाला से इस तरह की राजनीति बंद करने की नसीहत भी दी।
दिग्विजय चौटाला ने दी जवाब देने की चेतावनी
अपने चाचा को जवाब देते हुए दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा कि वे अभी सभी बातें सार्वजनिक नहीं करना चाहते, लेकिन अगर अभय चौटाला उन्हें मजबूर करेंगे तो वे भी चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने कहा कि उन्होंने हाथों में चूड़ियां नहीं पहनी हुई हैं और जरूरत पड़ने पर हर बात का जवाब देना जानते हैं। दिग्विजय चौटाला ने अभय चौटाला को अपनी सीमा में रहने की चेतावनी देते हुए कहा कि उन्हें अपनी लिमिट क्रॉस नहीं करनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर उनके बारे में किसी तरह की टिप्पणी की जाएगी तो उसका जवाब भी जरूर दिया जाएगा।
दिग्विजय चौटाला ने अभय चौटाला से लोगों को डराने का काम बंद करने की अपील करते हुए कहा कि इस तरह की राजनीति से किसी का भला नहीं होने वाला। उनके इस बयान से चौटाला परिवार के बीच राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। अब देखना होगा कि दिग्विजय चौटाला के इन आरोपों पर अभय सिंह चौटाला की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।









