Haryana News: त्योहारों में मिलावट पर लगाम लगाने की तैयारी, आरती सिंह राव ने दिए खास निर्देश

On: October 21, 2026 1:45 PM
Follow Us:

Haryana News: हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने त्योहारी सीजन को देखते हुए राज्य में खाद्य सुरक्षा निगरानी अभियान तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने खाद्य एवं औषधि प्रशासन को प्रत्येक जिले में खाद्य पदार्थों के 100–150 सर्विलांस नमूने लेने के निर्देश दिए हैं। खाद्य एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त डॉ मनोज कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य मंत्री ने राज्यभर में खाद्य सुरक्षा निगरानी अभियान को और अधिक सुदृढ़ करने के जो निर्देश दिए हैं उनका मुख्य उद्देश्य आमजन को सुरक्षित, शुद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं मिलावट रहित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है। विशेष रूप से दीपावली एवं छठ पूजा के त्योहारी सीजन के दौरान मिठाइयों, दूध तथा दुग्ध उत्पादों की बढ़ती खपत को ध्यान में रखते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इस विशेष अभियान के तहत हरियाणा के सभी उपायुक्तों को पत्र लिखकर कहा गया है कि वे जिला प्रशासन की निगरानी में संबंधित अभिहित अधिकारी (खाद्य सुरक्षा) एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के समन्वय से जिला स्तरीय विशेष खाद्य निगरानी दलों का गठन करें। ये दल प्रमुख बाजारों, मिठाई की दुकानों, डेयरियों, दूध विक्रेताओं तथा अन्य खाद्य कारोबार परिसरों में निरीक्षण एवं सर्विलांस सैंपलिंग करेंगे, ताकि घटिया गुणवत्ता वाले, मिलावटी तथा असुरक्षित खाद्य पदार्थों की पहचान की जा सके। जिला स्तरीय विशेष निगरानी दलों को नियमित रूप से खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा लिए जाने वाले नमूनों से अलग प्रति जिले 100 से 150 सर्विलांस खाद्य नमूने लेने का लक्ष्य दिया गया है। इस पहल का उद्देश्य स्वतंत्र निगरानी व्यवस्था को मजबूत करना, अधिक से अधिक बाजारों को अभियान के दायरे में लाना तथा राज्यभर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के दौरान मिठाइयों, दूध, पनीर, खोया, घी तथा अन्य आम उपभोग की खाद्य वस्तुओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

डॉ. मनोज कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी सर्विलांस नमूने निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार लिए जाएं, उनका उचित दस्तावेजीकरण किया जाए तथा विश्लेषण के लिए समयबद्ध तरीके से संबंधित खाद्य परीक्षण प्रयोगशालाओं में भेजा जाए। प्रयोगशालाओं से प्राप्त विश्लेषण रिपोर्टों की नियमित निगरानी की जाएगी तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने वाले खाद्य नमूनों के मामलों में नियमानुसार शीघ्र आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया की खाद्य सुरक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एफडीएमुख्यालय के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रयोगशालाओं से प्राप्त विश्लेषण रिपोर्टों के आधार पर घटिया गुणवत्ता वाले एवं असुरक्षित पाए गए खाद्य नमूनों से संबंधित डेटा प्रत्येक सप्ताह विभाग के राज्य पोर्टल पर अपलोड किया जाए। इस व्यवस्था से नमूनों की विश्लेषण रिपोर्टों, जिलेवार प्रगति तथा की गई नियामकीय एवं प्रवर्तन कार्रवाई की व्यवस्थित निगरानी सुनिश्चित होगी। साथ ही, आमजन में खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी सहायता मिलेगी।

 1 अप्रैल से 30 सितंबर 2026 तक 2,428 खाद्य नमूने लिए गए

डॉ मनोज कुमार ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा हरियाणा में 1 अप्रैल 2026 से 30 सितंबर 2026 की अवधि के दौरान कुल 1,239 प्रवर्तन (Enforcement) नमूने तथा 1,189 सर्विलांस (Surveillance) नमूने, अर्थात कुल 2,428 खाद्य नमूने लिए गए। प्रयोगशाला विश्लेषण के उपरांत इनमें से 232 प्रवर्तन नमूने तथा 149 सर्विलांस नमूने निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। इन मामलों में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा इसके अंतर्गत बनाए गए नियमों एवं विनियमों के प्रासंगिक प्रावधानों के अनुसार आवश्यक नियामकीय एवं प्रवर्तन कार्रवाई की गई है।

आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सर्विलांस नमूनों के विश्लेषण में निर्धारित मानकों के अनुरूप न पाए जाने की स्थिति में संबंधित खाद्य सुरक्षा अधिकारी रिपोर्ट की तत्काल समीक्षा करेंगे। जहां आवश्यक होगा, वहां निर्धारित वैधानिक प्रक्रिया के अनुसार अलग से प्रवर्तन नमूना लेकर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस प्रक्रिया का उद्देश्य खाद्य सुरक्षा संबंधी उल्लंघनों पर समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि विभाग एक सुदृढ़ खाद्य सुरक्षा निगरानी प्रणाली, जिला प्रशासन के साथ समन्वित कार्रवाई, प्रयोगशाला रिपोर्टों की नियमित समीक्षा तथा खाद्य सुरक्षा कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से जनस्वास्थ्य की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी खाद्य कारोबार संचालकों से अपील की कि वे निर्धारित स्वच्छता एवं गुणवत्ता मानकों का पालन करें तथा घटिया, मिलावटी या असुरक्षित खाद्य पदार्थों का निर्माण, भंडारण, वितरण अथवा बिक्री न करें।

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव  की अपील

स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने आमजन से भी अपील की कि वे खाद्य पदार्थ खरीदते समय सतर्क रहें, विश्वसनीय स्रोतों से ही खाद्य सामग्री खरीदें तथा खाद्य मिलावट या खाद्य सुरक्षा संबंधी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना संबंधित अधिकारियों को दें। राज्य सरकार प्रभावी निगरानी, पारदर्शिता एवं सख्त नियामकीय कार्रवाई के माध्यम से प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now

और पढ़ें

Haryana News: डेढ़ साल के मासूम से छिना पिता का प्यार, भिवानी हादसे में दादा-पोते की भी मौत

Haryana News: CM नायब सिंह सैनी ने किया महाराजा शूरसैनी की भव्य प्रतिमा का लोकार्पण, बताया महान योद्धा और न्यायप्रिय शासक

Haryana News: दिग्विजय चौटाला का अभय चौटाला पर तीखा हमला, INLD को बताया ‘क्रिमिनल और गुंडा तत्वों की पार्टी’

Bihar News: मां दुर्गा के दरबार में पहुंचे CM सम्राट चौधरी, बदुआ नदी रिवर फ्रंट का भी किया निरीक्षण

Haryana News: कुरूक्षेत्र के शाहाबाद में पुलिस और नशा तस्कर के बीच मुठभेड़, जवाबी कार्रवाई में आरोपी के टांग में लगी गोली

Haryana News: 16 लाख रुपये खर्च कर कमाने इंग्लैंड गया 20 वर्षीय कवलजीत, दो महीने बाद ही मौत की खबर से परिवार में मचा कोहराम