Haryana News: अंबाला में रफ्तार का कहर देखने को मिली। अंबाला सिटी मार्ग पर जंडली पुल के पास मंगलवार देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक साल के मासूम आर्यन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां मोनिका की हालत नाजुक बनी हुई है।
पार्टी से लौट रहा था परिवार
कपड़े बेचने का काम करने वाले राहुल डेहा कॉलोनी (कैंट) में रहते हैं। वे मंगलवार रात करीब 7:30 बजे अपनी पत्नी मोनिका और बेटे आर्यन के साथ बाइक से अंबाला सिटी के हरी पैलेस में एक जन्मदिन समारोह में गए थे। रात करीब 11:30 बजे लौटते समय जंडली पुल के पास वे एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गए।
मासूम की घटनास्थल पर मौत
ट्रक की जोरदार टक्कर से मासूम आर्यन उछलकर हाईवे किनारे झाड़ियों में जा गिरा। राहगीरों ने तुरंत गंभीर रूप से घायल पति-पत्नी को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। बच्चे के लापता होने पर तलाश की गई, तो उसका शव घटनास्थल के पास मिला। डॉक्टरों ने मोनिका की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रेफर कर दिया, जिसके बाद परिजन उन्हें आदेश अस्पताल ले गए। परिजनों के अनुसार, राहुल और मोनिका की शादी 2021 में हुई थी और आर्यन उनका दूसरा बच्चा था।










