हरियाणा में 4 हजार की रिश्वत लेता बिजली निगम का JE गिरफ्तार, किसान से मांगी थी रिश्वत

On: November 7, 2026 2:44 AM
Follow Us:

Karnal News: हरियाणा के करनाल में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बिजली निगम के एक जूनियर इंजीनियर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी जेई पर कृषि भूमि पर लगे खराब ट्रांसफार्मर को बदलने के बदले किसान से 4 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है। एसीबी की टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को पकड़ लिया और रिश्वत की पूरी रकम भी बरामद कर ली।

यह कार्रवाई उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (UHBVN) के जुंडला स्थित कार्यालय में की गई। आरोपी की पहचान हरदीप सिंह निवासी हरिपुरा, सेक्टर-19, कैथल के रूप में हुई है।

ट्रांसफार्मर बदलने के बदले मांगी थी रिश्वत

जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता किसान की कृषि भूमि पर लगा बिजली ट्रांसफार्मर खराब हो गया था। ट्रांसफार्मर बदलवाने के लिए किसान ने उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के जुंडला कार्यालय में एसडीई ऑपरेशन के पास लिखित आवेदन दिया था।

आरोप है कि कार्यालय में तैनात जूनियर इंजीनियर हरदीप सिंह ने ट्रांसफार्मर बदलने की प्रक्रिया पूरी करवाने के बदले किसान से 4 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। इससे परेशान होकर किसान ने मामले की शिकायत राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) से कर दी।

ACB ने जाल बिछाकर JE को रिश्वत लेते पकड़ा

किसान की शिकायत मिलने के बाद एसीबी यूनिट करनाल की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। टीम ने शिकायत की पुष्टि के बाद जुंडला स्थित बिजली निगम कार्यालय में ट्रैप लगाया।

इस दौरान शिकायतकर्ता से 4 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए जूनियर इंजीनियर हरदीप सिंह को रंगे हाथों पकड़ लिया गया। एसीबी की टीम ने आरोपी के कब्जे से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली।

भ्रष्टाचार के मामले में FIR दर्ज, जांच जारी

एसीबी ने आरोपी हरदीप सिंह को 6 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो करनाल में एफआईआर नंबर 31 दर्ज की गई है।

आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 7ए के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगे की जांच और नियमानुसार कानूनी कार्रवाई जारी है।

 

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now