Last Updated:
KG Girl Attack: केजी क्लास की बच्ची पर जानलेवा हमले को लेकर शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. विभाग ने स्कूल प्रिंसिपल को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है. बता दें कि बीते 28 अक्टूबर को तीसरी क्लास के बच्चे ने केजी क्लास की बच्ची पर जानलेवा हमला किया था, जिसमें बच्ची बुरी तरह से घायल हो गई थी.
(सांकेतिक तस्वीर : AI Generated)
पंचकुलाः हरियाणा के पंचकुला के सेक्टर-20 स्थित शहीद मेजर अनुज राजपूत राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल में केजी कक्षा की मासूम बच्ची के साथ हुई बेरहमी से मारपीट के मामले में हरियाणा शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. विभाग ने स्कूल की प्रिंसिपल नीलू को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है. हरियाणा सरकार के माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से आज इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किए गए हैं. प्रिंसिपल नीलू को हरियाणा सिविल सेवा (दंड एवं अपील) नियम, 2016 के नियम-5 के तहत निलंबित किया गया है.
8 साल के बच्चे ने केजी की बच्ची पर ईंट से किया हमला
बता दें कि हरियाणा के पंचकूला में एक स्कूल की कक्षा के अंदर आठ वर्षीय लड़के ने छह साल की बच्ची पर कथित तौर पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था. पुलिस ने बताया कि बच्ची को चंडीगढ़ स्थित पीजीआईएमईआर में भर्ती कराया गया है. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घटना 28 अक्टूबर को हुई थी. सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे घटना के कथित वीडियो में लड़का बच्ची के बाल पकड़कर उसका सिर बार-बार मेज पर पटकता दिखाई दे रहा है. वीडियो में बच्ची के फर्श पर गिरने के बाद लड़के कथित तौर पर उसे लात मारते और ईंट जैसी किसी वस्तु से उस पर हमला करते देखा जा सकता है.
हमला करने वाले बच्चे की उम्र 8 साल
पुलिस उपायुक्त (अपराध) अमरिंदर सिंह ने पुष्टि की कि लड़के की उम्र आठ साल और बच्ची की उम्र छह साल है. घटना के कारण के बारे में पूछे जाने पर सिंह ने कहा कि लड़के की चिकित्सकीय स्थिति देखी जा रही है. उन्होंने कहा कि सात से 12 वर्ष की आयु के बच्चों से जुड़े मामलों में आकलन कराया जाता है और रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी. पुलिस उपायुक्त ने बताया कि गंभीर चोटों के कारण बच्ची को चंडीगढ़ स्थित पीजीआईएमईआर रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है. पुलिस जांच के तहत स्कूल प्रबंधन से पूछताछ कर रही है.
About the Author

Prashant Rai is a digital journalist with over 9 years of experience in Hindi journalism, specializing in politics, crime, hyper-local reporting, and viral news. He currently serves as Chief Sub Editor at News1…










