फरीदाबाद: दिवाली का त्योहार नजदीक आते ही दूसरे शहरों में काम करने वाले लोगों को अपने घर और परिवार की याद सताने लगी है. कंपनियों में छुट्टियां मिलते ही लोग अपने गांव और शहरों की तरफ निकलने लगे हैं. ऐसे में बल्लभगढ़ बस स्टैंड पर भी यात्रियों की भीड़ धीरे-धीरे बढ़ने लगी है. खासकर उत्तर प्रदेश के आगरा और अलीगढ़ जाने वाले यात्रियों की संख्या ज्यादा देखने को मिल रही है. यात्रियों को बसों के लिए ज्यादा इंतजार न करना पड़े और वे आसानी से अपने घर पहुंच सकें, इसके लिए हरियाणा रोडवेज की तरफ से बसों की संख्या बढ़ाई गई है. इस बारे में हरियाणा रोडवेज के इंस्पेक्टर जगदीश ने Local18 से बातचीत में त्योहारों के लिए किए गए इंतजामों की जानकारी दी.
आगरा के लिए चलेंगी 11 बसें
हरियाणा रोडवेज के इंस्पेक्टर जगदीश ने बताया कि बल्लभगढ़ बस स्टैंड से आगरा जाने के लिए पहले से आठ बसें चल रही हैं. अब यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए तीन बसें और बढ़ाई गई हैं. इस तरह आगरा रूट पर कुल 11 बसें चलाई जा रही हैं.
वहीं, अलीगढ़ जाने वाले यात्रियों के लिए भी बसों की संख्या बढ़ाई गई है. पहले अलीगढ़ के लिए 10 बसें चल रही थीं, लेकिन अब आठ अतिरिक्त बसें लगाई गई हैं. इस तरह अलीगढ़ रूट पर कुल 18 बसें यात्रियों को सुविधा दे रही हैं.
दिवाली के बाद छठ पर भी बढ़ सकती है भीड़
जगदीश ने बताया कि अभी दिवाली का त्योहार है और इसके बाद छठ पूजा भी आने वाली है. ऐसे में आने वाले दिनों में यात्रियों की संख्या और बढ़ सकती है. रोडवेज विभाग लगातार यात्रियों की संख्या पर नजर रख रहा है. जिस रूट पर ज्यादा यात्री मिलेंगे, वहां जरूरत के हिसाब से बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी. हमारा प्रयास है कि कोई भी यात्री बस के इंतजार में परेशान न हो और सभी को उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा सके.
आगरा और अलीगढ़ जाने का इतना है किराया
इंस्पेक्टर जगदीश के मुताबिक, बल्लभगढ़ से आगरा जाने वाली बस का किराया 231 रुपये है. वहीं, बल्लभगढ़ से अलीगढ़ जाने के लिए यात्रियों को 140 रुपये किराया देना होगा.
उन्होंने बताया कि बुजुर्ग यात्रियों और सरकार की तरफ से किराये में छूट पाने वाले पात्र लोगों को नियमानुसार सुविधा दी जा रही है. इसके लिए यात्रियों को अपना आधार कार्ड या संबंधित हैप्पी कार्ड दिखाना होगा. किराये में छूट संबंधित पात्रता और सरकारी नियमों के अनुसार मिलेगी.
भीड़ बढ़ने पर लगाई जाएंगी अतिरिक्त बसें
जगदीश ने बताया कि त्योहारों के समय यात्रियों की सुविधा रोडवेज विभाग की प्राथमिकता है. अगर भीड़ और बढ़ती है तो जरूरत के अनुसार अतिरिक्त बसें भी लगाई जाएंगी, ताकि लोग बिना किसी परेशानी के अपने परिवार के साथ दिवाली और छठ का त्योहार मना सकें.












