Last Updated:
Rewari Encounter: हरियाणा के रेवाड़ी में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद मनोज हत्याकांड के दो मुख्य आरोपियों मनिंदर उर्फ बुटर और हन्नी को गिरफ्तार किया है. बदमाशों की फायरिंग में एएसआई की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली लगी थी.
रेवाड़ी. हरियाणा के रेवाड़ी में पुलिस ने गोकलगढ़ में मनोज हत्याकांड के दो मुख्य फरार आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है. सीआईए रेवाड़ी और सीआईए धारूहेड़ा की संयुक्त कार्रवाई के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ 5 राउंड फायर किये, जिसमें एक गोली एएसआई की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी.
पुलिस की तरफ से की गई जवाबी फायरिंग में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें काबू कर लिया गया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव गोकलगढ़ निवासी मनिंदर उर्फ बुटर और हन्नी के रूप में हुई है.
डीएसपी सज्जन सिंह ने बताया कि बीती रात करीब 1:50 बजे सीआईए रेवाड़ी प्रभारी इंस्पेक्टर संजय कुमार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि 4 नवंबर को हुए मनोज हत्याकांड के आरोपी अवैध हथियारों सहित गोकलगढ़ बाईपास के पास मौजूद हैं. और यह भी सूचना थी कि वे दो अन्य युवकों यशपाल और अभिषेक की हत्या करने की फिराक में हैं. सूचना की गंभीरता को देखते हुए सीआईए रेवाड़ी इंस्पेक्टर संजय कुमार और सीआईए धारूहेड़ा प्रभारी निरीक्षक योगेश हुड्डा की संयुक्त टीम बनाई गई. दोनों टीमों ने गोकलगढ़ बाईपास टी-पॉइंट व रेलवे फ्लाईओवर के पास नाकाबंदी की.
पुलिस जब फ्लाईओवर के नीचे पहुंची तो दो संदिग्ध युवक पिलर की ओर भागते दिखे. पुलिस द्वारा आत्मसमर्पण की चेतावनी देने पर आरोपियों ने सीधी फायरिंग शुरू कर दी. बदमाशों की ओर से करीब 5 राउंड गोलियां चलाई गईं. एक गोली एएसआई सुनील कुमार की छाती पर लगी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट होने के कारण वे बाल-बाल बच गए. वहीं दो अन्य गोलियां दोनों निरीक्षकों के कान के पास निकल गईं, जिसमें बाद जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायर किये और गोलियां दोनों बदमाशों के पैरों में लगीं और वे नीचे गिर पड़े. जिसके बाद पुलिस ने घायल बदमाशों को तुरंत नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया. पुलिस ने मौके से मनिंदर के पास से एक देसी पिस्टल और हन्नी से एक देसी कट्टा बरामद किया. सीन ऑफ क्राइम टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए.
पुलिस के मुताबिक आरोपियों का अपराधिक बैकग्राउंड है, जिनपर पहले से कई केस दर्ज है. इस मुठभेड़ के बाद एक नया केस पुलिस और दर्ज कर लिया है. डीएसपी ने बताया कि फिलहाल दोनों आरोपियों का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जैसे ही अस्पताल से छुट्टी मिलेगी, दोनों को पुलिस रिमांड पर लेकर गहनता से पूछताछ की जायेगी.
क्या है मनोज हत्याकांड
गांव गोकलगढ़ में मनोज की 4 नवंबर को हत्या कर दी गई थी. मनोज बाइक ठीक कराने के लिए गांव की एक दुकान पर पहुंचा था और इसी दौरान 3 युवकों ने उसे गोलियां मार दी थी. पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर गांव के ही 7 युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया था.
About the Author

Vinod Kumar Katwal is a Senior journalist with over 14 years of experience across print and digital media. He currently serves as a Senior Correspondent at News 18 Hindi, leading Himachal Pradesh, Chandigarh an…












