Last Updated:
Jharkhand Police In Gurugram: झारखंड पुलिस गुरुवार को गुरुग्राम के डीएलएफ फेज-3 के एक घर के बाहर ढोल-नगाड़े लेकर पहुंची थी. बोकारो की तेनुघाट कोर्ट से भगोड़े घोषित आरोपी बलराम कुमार पर डुगडुगी बजाकर उसकी इज्जत की फजीहत की. आरोपी के मकान के बाहर ढोल बजवाकर लोगों की भीड़ जुटाई. इसके बाद माइक के जरिए घोषणा करते हुए अदालत के आदेश का नोटिस चस्पा किया. आरोपी पर जमीन के नाम पर 25 लाख रुपये हड़पने और पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप है.
गुरुग्राम में पहुंची झारखंड पुलिस.
Gurugram News: साइबर सिटी गुरुग्राम के डीएलएफ फेज-3 में 5 अक्टूबर अचानक हड़कंप मच गया. यहां झारखंड पुलिस एक भगोड़े आरोपी के घर के बाहर अचानक ढोल-नगाड़े बजाने लगी. धोखाधड़ी के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक शख्स के घर के बाहर पुलिस पहुंची थी. दरअसल, आरोपी बलराम कुमार के बाहर जैसे ही पुलिस ने ढोल बजवाने शुरू किए, तो आसपास के तमाम लोग इकट्ठा हो गए. इसके बाद पुलिस ने माइक के जरिए जोर-जोर से घोषणा करते हुए अदालत के आदेश की जानकारी सबको सुना दिया. पुलिस ने मकान के गेट पर कानूनी नोटिस चस्पा कर दिया.
झारखंड के बोकारो जिले की तेनुघाट कोर्ट ने बलराम कुमार को 27 अक्तूबर को आधिकारिक रूप से भगोड़ा घोषित किया था. इसी आधार पर कार्रवाई करते हुए बोकारो के बेरमो थाने में तैनात सहायक उप निरीक्षक (ASI) प्रभात किरण कोकिल के नेतृत्व में एक विशेष टीम गुरुग्राम पहुंची थी. पुलिस के मुताबिक, डीएलएफ फेज-3 निवासी बलराम कुमार करीब तीन साल से एक बड़े धोखाधड़ी केस में फरार चल रहा था. कोर्ट ने आरोपी को सख्त निर्देश दिए हैं कि वह एक महीने के भीतर अदालत के समक्ष सरेंडर करे. इस दौरान वह पेश नहीं होता है, तो उसकी चल-अचल संपत्ति को कुर्क करने की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. नोटिस चस्पा करने के दौरान हालांकि घर के अंदर से कोई भी बाहर नहीं आया.
क्या है पूरा 25 लाख की ठगी का मामला?
यह पूरा हाई-प्रोफाइल मामला करोड़ों रुपये के जमीन घोटाले और धोखाधड़ी से जुड़ा हुआ है. बोकारो के बेरमो निवासी मुकुल कुमार ने बलराम कुमार गुप्ता और उनके साथी दीपक कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी. मुकुल को अपने कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए जमीन की सख्त आवश्यकता थी. आरोप है कि बलराम और दीपक ने झारखंड के ओरमांझी इलाके में एक बेहतरीन जमीन दिलवाने का झांसा दिया था. शातिर आरोपियों ने पेट्रोल पंप के पास एक खाली प्लॉट दिखाया और दीपक ने उसे अपनी संपत्ति बताकर जमीन का सौदा तय कर लिया था.
रकम हड़पने के बाद जान से मारने की धमकी
झांसे में आकर पीड़ित मुकुल कुमार ने अगस्त 2021 में दो अलग-अलग किस्तों के जरिए दोनों आरोपियों के बैंक खातों में ऑनलाइन कुल 25 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए थे. लेकिन पैसे मिलने के बाद भी आरोपियों ने न तो जमीन की रजिस्ट्री कराई और न ही पीड़ित को प्लॉट पर कब्जा दिया. जब मुकुल ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की गंभीर धमकियां देनी शुरू कर दीं. आखिरकार ठगी का शिकार होने के बाद पीड़ित ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया. इस पुख्ता शिकायत के आधार पर 22 मई 2023 को बेरमो थाने में बलराम और दीपक के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया गया था. पुलिस अब इस मामले में अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश में भी जुट गई है.
About the Author

सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …









