फरीदाबाद: फरीदाबाद में दिवाली की खरीदारी के लिए अभी इंतजार कर रहे हैं तो रुकिए, क्योंकि धनतेरस खत्म होने के बाद भी बाजार में ऑफर्स की बारिश हो रही है. छोटी दिवाली से लेकर बड़ी दिवाली तक दुकानदार ग्राहकों को लुभाने के लिए 50 से 60 प्रतिशत तक की छूट दे रहे हैं. Whirlpool Chowk से लेकर NIT फरीदाबाद के बाजारों तक गिफ्ट, क्रॉकरी, डेकोरेटिव आइटम और इलेक्ट्रॉनिक सामान की खूब खरीदारी हो रही है.
खास बात यह है कि फरीदाबाद के इस बाजार में सिर्फ स्थानीय ही नहीं, बल्कि दूसरे शहरों और विदेशों से भी ग्राहक सामान मंगवा रहे हैं. यहां तक कि बॉलीवुड अभिनेता किरण कुमार, पुनीत इस्सर और रजा मुराद जैसी फिल्मी हस्तियां भी यहां खरीदारी के लिए पहुंच चुकी हैं. ऐसे में दिवाली के मौके पर बाजार में रौनक बढ़ गई है. ऑफर ऐसे हैं कि लूट सको तो लूट लो. आइए जानते हैं दुकानदारों और ग्राहकों से कि इस बार बाजार में क्या खास है.
दिवाली पर 50 से 60 प्रतिशत तक की छूट
न्यू सम्राट इलेक्ट्रॉनिक्स के मालिक मनजीत सिंह बताते हैं कि उनके पास इस बार दिवाली पर क्रॉकरी, डेकोर और गिफ्टिंग आइटम की बहुत अच्छी वैरायटी है. वे अपने ग्राहकों के लिए काफी कुछ लेकर आए हैं. उन्हें खुशी है कि देशभर से लोग उनके पास खरीदारी करने आते हैं. विदेशों से भी ऑर्डर मिलते हैं. बॉलीवुड के एक्टर भी उनके यहां खरीदारी करने आते हैं. उनकी कोशिश रहती है कि ग्राहकों को अच्छी क्वालिटी और बेहतर कीमत मिले. अलग-अलग ब्रांड और सामान पर 50 से 60 प्रतिशत तक की छूट मिल रही है. उनके यहां 150 रुपये से लेकर 35 हजार रुपये तक के सामान मिल जाएंगे. जो सामान यहां 35 हजार रुपये में मिल रहा है, उसकी कीमत दूसरी जगहों पर करीब 60 हजार रुपये तक हो सकती है. इस बार क्रॉकरी, डेकोर और गिफ्टिंग आइटम की सबसे ज्यादा मांग है.
स्टील और कांच के सामान की बढ़ी मांग
NIT मार्केट की दुकानदार तरुणा बताती हैं कि इस बार स्टील और कांच के सामान का काफी ट्रेंड है. लोग प्लास्टिक के बजाय स्टील और कांच के सामान को ज्यादा पसंद कर रहे हैं. छोटी-छोटी हांडियां, कॉपर के बर्तन और पूजा में इस्तेमाल होने वाली चीजें भी खूब खरीदी जा रही हैं. उनके यहां क्रॉकरी, बेडशीट, कंफर्टर, रजाई, लंच बॉक्स और इलेक्ट्रॉनिक सामान की भी अच्छी वैरायटी है. वे ग्राहकों को होलसेल कीमत पर सामान देने की कोशिश करती हैं. कुछ इलेक्ट्रॉनिक आइटम पर 60 प्रतिशत तक की छूट भी मिल रही है.
ग्राहकों को पसंद आ रही बाजार की वैरायटी
ग्राहक मनोज कुमार बताते हैं कि वे डबुआ कॉलोनी से खरीदारी करने आए हैं. यहां हर बार की तरह अच्छी रौनक है. इस बार ऑफर्स भी मिल रहे हैं. हर सामान पर अलग-अलग छूट है. कुछ चीजों के दाम पहले से थोड़े बढ़े हुए भी लगे, लेकिन वैरायटी काफी अच्छी है. अपने बजट के हिसाब से सामान चुनने के लिए यहां बहुत सारे विकल्प हैं.
ग्राहक अनु बताती हैं कि वे यहां खरीदारी करने आई हैं. बाजार में एक से बढ़कर एक सामान मिल रहा है. अच्छी वैरायटी के साथ कम दामों में भी चीजें उपलब्ध हैं. जिस तरह का सामान चाहिए, उसके लिए यहां काफी विकल्प हैं. उन्हें यहां की खरीदारी अच्छी लग रही है.
500 रुपये से शुरू हो रहे डिनर सेट
नरेश बताते हैं कि वे इस बाजार में पिछले दो साल से काम कर रहे हैं. इस बार सबसे ज्यादा डिनर सेट की मांग है. आज सुबह से ही करीब सैकड़ों डिनर सेट पैक कर चुके हैं. उनके यहां 500, 800, 1200 और 1500 रुपये तक के डिनर सेट उपलब्ध हैं. इन पर एमआरपी के हिसाब से 15 से 20 प्रतिशत तक की छूट भी दी जा रही है. दिवाली तक ग्राहकों की अच्छी भीड़ रहने की उम्मीद है.










