शादी के नाम पर फुसलाकर नाबालिग से दुष्कर्म, शादी के बाद लड़की से घरेलू हिंसा, आरोपी गिरफ्तार

On: November 12, 2026 5:23 AM
Follow Us:

arrest 3

Haryana News: सिरसा में नाबालिग को शादी के नाम पर फुसलाकर दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिलीप, पुत्र इंद्र मोहन निवासी चतरगढ़ पट्टी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता की मां ने थाने में शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि दिलीप उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके चलते लड़की गर्भवती हो गई।

कानूनी पचड़े से बचने के लिए शादी

मामला कानूनी कार्रवाई तक पहुंचने पर आरोपी पक्ष ने शादी का दबाव बनाया। आरोप है कि युवक के पिता ने अपनी सरकारी नौकरी और सामाजिक प्रतिष्ठा का हवाला देकर परिवार को विवाह के लिए राजी किया। शिकायत में विवाह के बाद भी पीड़िता की मुश्किलें खत्म नहीं होने के आरोप लगाए गए हैं।

शादी के बाद लड़की से मारपीट

आरोप है कि उसे घरेलू हिंसा, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा। इतना ही नहीं, पति पर खुद नशा करने और पत्नी को भी नशे के लिए मजबूर करने का आरोप है। पुलिस ने 7 नवंबर को महिला थाना सिरसा में बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामले की जांच पीएसआई कोमल सिंह को सौंपी गई।

पीड़िता की हुई काउंसलिंग

महिला पुलिसकर्मियों और महिला अधिवक्ता की मौजूदगी में पीड़िता के बयान दर्ज कर उसकी काउंसलिंग करवाई गई। मेडिकल परीक्षण और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी दिलीप पुत्र इंद्र मोहन को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। इसमें संलिप्त अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now