Haryana News: हरियाणा के करनाल जिले के इंद्री में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जहां हरियाणा रोडवेज की बस और टेंपो के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में टेंपो चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक, गुढ़ा निवासी रविंद्र अपने टेंपो में पाल कॉलोनी से एक गाय को लेकर नगला रोडान की तरफ जा रहे थे। जैसे ही वह इंद्री कोर्ट के सामने पहुंचे, उसी दौरान करनाल की ओर से आ रही हरियाणा रोडवेज की बस ने उनके टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना में टेंपो चालक रविंद्र और टेंपो में मौजूद गाय की जान चली गई।
CCTV कैमरे में कैद हुआ हादसा
इस भीषण सड़क हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में रोडवेज बस और टेंपो के बीच हुई जोरदार टक्कर साफ दिखाई दे रही है। टक्कर की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि टेंपो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस ने बस कब्जे में लेकर शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। जांच अधिकारी सुमित ने बताया कि हादसे में गुढ़ा निवासी टेंपो चालक रविंद्र और उसमें मौजूद गाय की मौत हुई है। पुलिस ने हरियाणा रोडवेज की बस को कब्जे में ले लिया है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दुर्घटना के कारणों का पता चल सकेगा।











