हरियाणा के फरीदाबाद से दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है. यहां छोटे से विवाद में खून के प्यासे हो उठे पड़ोसी ने अपने ही पड़ोसी को ऐसी दिवाली की शुभकामनाएं दीं कि गोलियों से छलनी कर मौत के घाट उतार दिया. अब इस मामले में दिवाली के दिन हुई घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. जिसमें आरोपी पड़ोसी के ऊपर उसके बेटे के ही सामने पिस्तौल से फायर कर देता है. अगर वो बचकर भागता है तो उसके पीछे दौड़कर और भी कई राउंड गोलियां दागता है.
पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक हरियाणा के फरीदाबाद में 42 साल के कॉर्पोरेट एग्जीक्यूटिव परमजीत ढांकर सिंगापुर से भारत में दिवाली मनाने आए थे. उनका अपनी ही बिल्डिंग में तीसरी मंजिल पर रहने वाले मोहन शर्मा उर्फ मोनू से पार्किंग के गेट को लेकर कुछ कहासुनी हो गई, जिससे तैश में आकर मोहन ने ढांकर पर ताबड़तोड़ गोलियों की बरसात कर दी. जब तक ढांकर को अस्पताल ले जाया गया, डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखता है कि आरोपी ने परमजीत ढांकर पर गोलियां चलाई. घायल होने के बाद जब परमजीत भागने की कोशिश कर रहे थे, तो आरोपी भी उनके पीछे-पीछे भागने लगा और गोलियों की बौछार करता रहा.
6 नवंबर की रात क्या हुआ?
यह घटना शुक्रवार रात 6 नवंबर को धनतेरस की है. सेक्टर 21सी के पहले फ्लोर पर रहने वाले परमजीत ढांकर सिंगापुर से लौटे थे और यहां दिवाली की तैयारियों में जुटे थे. तभी उनके बेटे का तीसरी मंजिल पर रहने वाले मोहन शर्मा से पार्किंग को लेकर कुछ कहासुनी हुई. इस पर मोहन शर्मा ने कहा, ‘मैं पिल्लों से बात नहीं करता, अपने बाप को भेज.’ इस पर ढांकर पुलिस के पास जाकर शिकायत दर्ज कराकर आते हैं.
जहां पुलिस ढांकर और मोहन के बीच आपसी समझौता करा देती है. हालांकि बताया जा रहा है कि मोहन शर्मा ने पुलिस के सामने ही उन्हें धमकी दी थी कि वह उन्हें आज रात तक खत्म कर देगा.
सीसीटीवी फुटेज में दिखता है कि परमजीत अपने पड़ोसी मोहन शर्मा उर्फ मोनू शर्मा से बात कर रहे थे. पास में उनका बेटा शौर्य भी खड़ा था. तभी बातचीत अचानक हिंसक हो गई. मोहन शर्मा ने एकाएक पिस्तौल निकाली और परमजीत पर गोलियां दाग दीं. करीब पांच-छह राउंड फायर करने के बाद जब खून बहते हुए परमजीत इमारत से बाहर भागे तो आरोपी ने उनका पीछा करते हुए गोलियां मार दीं.
आरोपी बोला दिवाली मुबारक हो
वीडियो में आरोपी परिवार को गालियां देता और “दिवाली मुबारक हो” कहता भी दिखता है. पुलिस के अनुसार, शर्मा ने अपनी लाइसेंसशुदा बंदूक से करीब 14-16 गोलियां चलाईं. इनमें से आठ-नौ गोलियां परमजीत को लगीं. परिवार उन्हें अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. उनके बेटे पर भी गोली चलाई गई थी, लेकिन वे बच गए.
घटना को लेकर परमजीत के बेटे शौर्य ने बताया कि घटना से कुछ घंटे पहले ही जब मोहन ने उसे पिल्ला बोला और लड़ाई की तो परमजीत पुलिस चौकी गए और शिकायत दर्ज कराई थी. पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर समझौता कराने की कोशिश की थी. उन्हें लगा कि धमकी सिर्फ बातचीत तक ही रहेगी. हालांकि उसी रात शर्मा ने परमजीत को पार्किंग एरिया में बुलाया. उसने कहा, “क्या तुमने कभी विधवा देखी है? तुम्हें भगवान पर इतना भरोसा है, तो मैं तुम्हें सीधे उनके पास भेज देता हूं.”
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं शौर्य ने परिवार के चार सदस्यों के नाम भी एफआईआर में दर्ज कराए हैं. इनमें मोहन शर्मा, उसकी पत्नी दिव्या, बेटा मयंक, बेटी नैना और भाई हेतराम के नाम भी एफआईआर में दर्ज किए गए हैं. सूरजकुंड थाने के एसएचओ प्रहलाद सिंह ने बताया, “परमजीत के बेटे शौर्य की शिकायत पर मोनू शर्मा उर्फ मोहन, उनकी पत्नी दिव्या, बेटा मयंक, बेटी नैना और भाई हेतराम के खिलाफ केस दर्ज किया गया है.
फिलहाल परमजीत का शव पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया है. मुख्य आरोपी मोनू शर्मा को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है.” पुलिस मौके पर पहुंची और खाली कारतूस के खोखे बरामद किए हैं. पुलिस सूत्रों के अनुसार, शर्मा अक्सर इलाके में देर रात तेज संगीत बजाकर, हवा में गोली चलाकर और लग्जरी कारों को तेज रफ्तार से दौड़ाकर परेशानी पैदा करता रहता था.













