Chhath Puja News: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की शुरुआत हो चुकी है. आज नहाय खाय है. कई प्रवासी अपने घर लौट चुके हैं. कई अब भी ट्रेनों और बसों में टिकट के लिए जद्दोजहद कर रहे हैं. कुल मिलाकर आज के दिन तक बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के रहने वाले प्रवासी श्रमिकों और उनके परिवारों में अपने घर लौटने की होड़ लगी हुई है. जी हां, छठी मैया की पूजा करने और परिवार के साथ त्योहार मनाने के लिए हजारों लोग अपने घर रवाना हो रहे हैं. ट्रेन हो बस…जिसे जो जैसे मिल रहा, वह अपने गांव-घर की ओर निकल पड़ा है.
छठ पर घर जाने की होड़ ऐसी है कि ट्रेनों में पैर रखने तक की जगह नहीं मिल रही. कई यात्री जान जोखिम में डालकर ट्रेन के दरवाजों पर लटककर, बाथरूम के आसपास बैठकर और खड़े होकर सफर करने को मजबूर हैं. स्टेशन पर पहुंचे लोगों का कहना है कि चुनाव के समय राजनीतिक दलों और नेताओं को बिहार के लोगों की याद आ जाती है और उनसे वोट मांगे जाते हैं, लेकिन जब छठ जैसे बड़े त्योहार पर घर जाने की बारी आती है तो उनके लिए अतिरिक्त ट्रेनों और ठहराव की व्यवस्था नहीं की जाती.
छठ पर घर जाने वालों की भीड़
बिहार के सिवान जिले में छठ पूजा करने जा रही सुनीता मिश्रा ने बताया कि ट्रेनों में इतनी भीड़ है कि यात्रियों को चढ़ने तक की जगह नहीं मिल रही. उन्होंने सरकार से मांग की कि त्योहार के दौरान बिहार के लिए अतिरिक्त ट्रेनें चलाई जाएं. दिल्ली से बिहार जाने वाली ट्रेनों का पानीपत रेलवे स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित किया जाए. पानीपत में यूपी-बिहार के हजारों लोग रोजी-रोटी कमाने के लिए रहते हैं. त्योहार पर सभी अपने परिवार के पास जाना चाहते हैं, लेकिन रेल सुविधा नहीं होने से उन्हें भारी परेशानी उठानी पड़ रही है. पहले भी दिल्ली से चलने वाली ट्रेनों के पानीपत में ठहराव की बात कही गई थी, लेकिन इसका कोई समाधान नहीं हुआ.
छठ पूजा पर घर जाने के लिए पानीपत रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का सैलाब, बिहार के लिए सीधी ट्रेन चलाने की मांग
(सांकेतिक फोटो)
‘चाहे जो भी हो, छठ मनाने घर जाएंगे ही’
वहीं, एक अन्य यात्री आकाश कुमार ने कहा कि दो महीने से प्रयास करने के बावजूद कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा. मजबूरी में जनरल टिकट लेकर भीड़ में सफर करना पड़ रहा है. चाहे ट्रेन में लटककर जाना पड़े या कितनी भी परेशानी उठानी पड़े, वे छठ पूजा करने अपने गांव जरूर जाएंगे. उन्होंने कहा कि बिहार में रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं होने के कारण लाखों लोग दूसरे राज्यों में मजदूरी करने आते हैं. पानीपत की फैक्ट्रियों में भी बड़ी संख्या में बिहारी श्रमिक काम करते हैं. उन्होंने छठी मैया से मनोकामना मांगी कि भविष्य में उन्हें रोजी-रोटी कमाने के लिए दूसरे प्रदेशों में न आना पड़े और अपने गांव में ही रोजगार मिल सके.
‘बिहार में रोजगार होता तो हमें यहां काम करने नहीं आना पड़ता’
छपरा जिले के रहने वाले उमाशंकर ने कहा कि अगर बिहार में पर्याप्त रोजगार और कंपनियां होतीं तो उन्हें हजार किलोमीटर दूर पानीपत में काम करने के लिए नहीं आना पड़ता. दो महीने से टिकट पाने का प्रयास करने के बावजूद टिकट नहीं मिला. छठ बिहार का सबसे बड़ा त्योहार है, इसके बावजूद यात्रियों की सुविधा के लिए पर्याप्त ट्रेनें नहीं चलाई जा रहीं. लोगों को बाथरूम के आसपास बैठकर और ट्रेन के दरवाजों पर लटककर सफर करना पड़ रहा है. भीड़ में धक्का-मुक्की के बीच यात्रियों की जान पर खतरा बना हुआ है, लेकिन उनकी परेशानी सुनने वाला कोई नहीं है.
‘मैं दिव्यांग पर सुविधा नहीं मिल रही’
वहीं, सतीश कुमार ने बताया कि वह पानीपत की एक लेबर कंपनी में काम करते हैं और छठ पूजा के लिए अपने घर जा रहे हैं. वह दिव्यांग हैं, इसके बावजूद उन्हें सफर के लिए कोई विशेष सुविधा नहीं मिल रही. पहले पानीपत से परखा एक्सप्रेस चलती थी, लेकिन उसे भी बंद कर दिया गया. उन्होंने मांग की कि पानीपत से बिहार के लिए कम से कम दो ट्रेनें नियमित रूप से चलाई जाएं, ताकि मजदूर और प्रवासी परिवार बिना परेशानी के अपने घर पहुंच सकें.













