Last Updated:
KURUKSHETRA NEWS: हरियाणा के कुरुक्षेत्र में पुलिस ने महिला का पर्स चुराकर भागने वाले दो आरोपियों को पकड़ लिया और फिर उनसे ऐसी माफी मंगवाई, जिसे सुनकर एक बार आपकी भी हंसी छूट जाएगी. चलिए आपको पूरा मामला बताते हैं और जानते हैं कि आरोपियों ने माफी मांगते हुए क्या कुछ कहा.
चोरों ने मांगी माफी
कुरुक्षेत्र: ‘भूत-प्रेत भी नाचते हैं पुलिस के आगे सर… जिंदगी में सब काम कर लेना, भूलकर भी भाई जिंदगी में चोरी मत करना’, पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद एक आरोपी कान पकड़कर नसीहत दे रहा था. दरअसल एक चोर ने शाहबाद में कल एक महिला से पर्स छीना था, वहीं चोर आज कान पकड़कर माफी मांगते नजर आया. पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की.
पूरा मामला कुरुक्षेत्र के शाहाबाद का है, जहां कुरुक्षेत्र पुलिस ने एक महिला से पर्स छीनने वाले दो आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. अब यह दोनों आरोपी कान पकड़कर माफी मांगते नजर आ रहे हैं और चोरी करने वालों को बता रहे हैं कि वह चोरी ना करें, पुलिस बख्शने वाली नहीं.
पर्स और एक आईफोन बरामद
पुलिस चौंकी शहर शाहबाद प्रभारी पीएसआई मांगे राम ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि एक महिला से दो बाइक सवार पर्स छीनकर कर भाग गए हैं. महिला ने इसकी रिपोर्ट कुरुक्षेत्र पुलिस थाने में दर्ज कराई. इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी और कुछ ही घंटों में दोनों आरोपियों को पकड़ने में कामयाबी हासिल की. इसके साथ ही पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से पर्स और एक आईफोन सहित अन्य सामान बरामद किया.
आरोपियों से पूछताछ जारी
पुलिस की जांच के मुताबिक, दोनों आरोपी शाहाबाद के ही रहने वाले हैं. पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है, ताकि अन्य वारदातों का पता लगाया जा सके और अगर इनके गैंग में और भी आरोपी हैं, उन्हें भी पकड़ा जा सके. पुलिस ने अपराध करने वालों को सख्त हिदायत दी है कि अगर कोई भी किसी भी तरह का क्राइम शाहाबाद में करेगा, तो उसे किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा.











