चंडीगढ़ | हरियाणा के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अच्छा अवसर सामने आया है। शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए मिशन बुनियाद और सुपर-100 कार्यक्रम का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। दोनों योजनाओं के तहत आवेदन और प्रवेश परीक्षा की तारीखें भी तय कर दी गई हैं।

बता दें कि मिशन बुनियाद के लिए 12 दिसंबर और सुपर-100 के लिए 5 दिसंबर तक पंजीकरण कराया जा सकेगा। सहायक निदेशक (अकादमिक सेल), महानिदेशक माध्यमिक शिक्षा हरियाणा की ओर से प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
विद्यार्थी कर सकेंगे आवेदन
सुपर-100 के लिए वर्तमान में दसवीं कक्षा में पढ़ रहे वे विद्यार्थी पात्र होंगे, जो फरवरी-मार्च 2027 में बोर्ड परीक्षा देंगे। वहीं, मिशन बुनियाद के लिए आठवीं कक्षा के वे विद्यार्थी आवेदन कर सकेंगे, जिनकी परीक्षा मार्च 2027 में होनी है। पिछली कक्षा में 60 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का पंजीकरण अनिवार्य किया गया है।
इस तारीख को होगी प्रवेश परीक्षा
विभाग के शेड्यूल के अनुसार मिशन बुनियाद लेवल-1 की परीक्षा 23 दिसंबर को और सुपर-100 लेवल-1 की परीक्षा 16 दिसंबर को आयोजित होगी। परीक्षा में 50 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। कुल 200 अंकों की परीक्षा में प्रत्येक सही उत्तर पर 4 अंक मिलेंगे, जबकि गलत उत्तर देने पर 1 अंक काटा जाएगा।
30 नवंबर को होगा जागरूकता कार्यक्रम
नोडल अधिकारी एवं जिला विज्ञान विशेषज्ञ रोहित इंदौरा के अनुसार, विद्यार्थियों को योजनाओं की जानकारी देने के लिए 30 नवंबर को मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इन योजनाओं का उद्देश्य सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को आईआईटी और नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद करना है।










