Last Updated:
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को शिरोमणि अकाली दल (शिअद) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के फिर से साथ आने को ‘स्वाभाविक गठबंधन’ बताया. पंजाब में अगले साल फरवरी में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं.
पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और अकाली दल में गठबंधन हुआ है.
चंडीगढ़. पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और अकाली दल में गठबंधन हुआ है. ऐसे में अब तक पंजाब में अब तक कमान संभाले हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी प्रतिक्रिया दी है. शिरोमणि अकाली दल (शिअद) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के फिर से साथ आने को ‘स्वाभाविक गठबंधन’ बताते हुए कहा कि इससे पंजाब की जनता को फायदा होगा, राज्य मजबूत बनेगा और उसे नयी दिशा मिलेगी.
उन्होंने सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि ईमानदारी की बात करने और राज्य के लोगों से बड़े-बड़े वादे करने वालों ने इसके बिल्कुल उलट काम किया. सैनी ने गुरुग्राम में एक कार्यक्रम से इतर पत्रकारों से कहा, ”भाजपा और अकाली दल का गठबंधन दिलों का गठबंधन है. यह स्वाभाविक गठबंधन है. यह पंजाब को विकास के रास्ते पर आगे ले जाएगा और वहां के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करेगा.”
वहीं, अंबाला में हरियाणा के परिवहन एवं ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने भी कहा कि पंजाब को ‘आप के जंगलराज’ से मुक्त कराने के लिए भाजपा और अकाली दल का साथ आना जरूरी था. भाजपा और शिअद ने मंगलवार को पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन की घोषणा की.शिअद ने केंद्र के तीन कृषि कानूनों (अब निरस्त हो चुके) के खिलाफ व्यापक विरोध प्रदर्शनों के बीच 2020 में राजग से नाता तोड़ लिया था. इन तीनों कानूनों को बाद में वापस ले लिया गया था. दोनों दलों के बीच 24 साल तक गठबंधन रहा था.
हरियाणा के मुख्यमंत्री ने ‘गैंगस्टरवाद’, मादक पदार्थ और भ्रष्टाचार सहित विभिन्न मुद्दों पर पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार पर जमकर निशाना साधा. सैनी ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले पांच वर्षों में उन्होंने ”सिर्फ मजाक ही किया है.” सैनी ने कहा कि शिअद-भाजपा गठबंधन राज्य को मजबूत बनाने के लिए हुआ है. उन्होंने कहा कि यह गठबंधन ‘गैंगस्टरवाद’ और मादक पदार्थों के खतरे को खत्म करने, किसानों का सम्मान बनाए रखने, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और गरीबों के उत्थान के लिए काम करेगा. सैनी ने कहा, ”कांग्रेस और आप ने सिर्फ लोगों का शोषण किया है. आगामी चुनाव में उन्हें सबक सिखाया जाएगा.” उन्होंने विश्वास जताया कि पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव के बाद राजग की सरकार बनेगी.
उन्होंने कहा, ”पंजाब के लोग यही चाहते हैं.” सैनी ने पंजाब के हितों को ध्यान में रखते हुए अकाली दल के साथ गठबंधन करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन को बधाई दी. उन्होंने कहा कि मोदी, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के समय से चले आ रहे भाजपा और अकाली दल के संबंधों को आगे बढ़ा रहे हैं. सैनी ने गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के अवसर पर हरियाणा, पंजाब और पूरे देश के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं. उन्होंने कहा कि सिख धर्म के संस्थापक ने मानवता को सेवा, समानता, भाईचारे और करुणा का संदेश दिया, जो आज भी समाज को एकता और सद्भाव के रास्ते पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हरियाणा के मंत्री अनिल विज ने कहा कि भाजपा और अकाली दल का फिर से साथ आना पंजाब की जनता की आवाज को दर्शाता है. उन्होंने कहा कि पंजाब को ‘आप के जंगलराज’ से मुक्त कराने के लिए दोनों दलों का एक साथ आना जरूरी था.
About the Author

Vinod Kumar Katwal is a Senior journalist with over 14 years of experience across print and digital media. He currently serves as a Senior Correspondent at News 18 Hindi, leading Himachal Pradesh, Chandigarh an…









