सिरसा: हरियाणा शिक्षा विभाग के स्पष्ट आदेशों के बावजूद, सिरसा जिले के कई सरकारी और निजी स्कूल सर्दियों के संशोधित समय का पालन नहीं कर रहे हैं। विभाग ने सर्दी के मौसम को देखते हुए सभी स्कूलों का समय सुबह 9:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक करने का आदेश जारी किया था, लेकिन जमीनी स्तर पर इसका पालन नहीं हो रहा है।
आदेशों की अवहेलना, बच्चे साढ़े आठ बजे पहुंचे
शनिवार को भी, शाहपुर बेगू में मेन रोड स्थित सरकारी स्कूल, कीर्ति नगर चौकी के पास सरकारी स्कूल और रानियां के जेवियर व सेंट सोल्जर जैसे निजी स्कूलों में बच्चे सुबह साढ़े आठ बजे ही पहुंच गए। हैरानी की बात यह है कि कुछ बच्चों को समय परिवर्तन की जानकारी ही नहीं थी, जबकि कुछ के माता-पिता ने बताया कि शिक्षकों ने बच्चों को नए समय के बारे में अवगत नहीं कराया।
अभिभावकों ने जताई नाराजगी
इस मामले पर अभिभावक सख्त नाराजगी जता रहे हैं। जीनियस स्कूल के दो बच्चों के अभिभावक सौरव मेहता ने बताया, “आदेशों के अनुसार स्कूल के समय में बदलाव नहीं किया गया है। इतनी ठंड में बच्चे जल्दी तैयार नहीं हो पाते और ठीक से खाना भी नहीं खा पाते। इसी कारण मेरा बेटा पिछले दिनों बीमार पड़ गया था।”
वहीं, यूकेजी के एक छात्र के अभिभावक तपिन जिंदल ने कहा, “पांच साल के बच्चे को सुबह जल्दी स्कूल बुलाना विभागीय आदेशों की अवहेलना के साथ-साथ बच्चों के प्रति प्रताड़ना है।”
स्कूलों में फैल रहीं बीमारियां
इन दिनों स्कूली बच्चों में वायरल, डेंगू और बुखार के लक्षण तेजी से सामने आ रहे हैं। ऐसे में सुबह 8 बजे स्कूल पहुंचना बच्चों के लिए मुश्किल हो रहा है और कई बच्चे ठंड की चपेट में आकर बीमार पड़ रहे हैं, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
अधिकारियों ने मांगी जांच रिपोर्ट
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए डीईईओ विद्यालक्ष्मी ने कहा कि उन्हें रानियां खंड के निजी विद्यालयों द्वारा आदेशों का पालन न करने की सूचना मिली है। उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) को इसकी जांच करके रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। गौरतलब है कि BEO राजकुमार अरोड़ा ने भी पहले ही सभी स्कूल मुखियाओं को 15 नवंबर 2025 से नया समय लागू करने के आदेश जारी किए थे।













