स्पेन भेजने के नाम पर हरियाणा के युवक को ईरान में बनाया बंधक, पाकिस्तानी एजेंट ने मांगी 20 लाख की रंगदारी

On: December 29, 2025 4:45 PM
Follow Us:
हरियाणा

हरियाणा के कैथल जिले के राजौंद क्षेत्र से सामने आए एक सनसनीखेज मामले ने विदेश भेजने के नाम पर चल रहे फर्जी एजेंट नेटवर्क की पोल खोल दी है। स्पेन भेजने का झांसा देकर एक युवक को ईरान में बंधक बना लिया गया, जहां पाकिस्तानी एजेंट ने उसके परिजनों से रंगदारी वसूली। 12 लाख रुपये हवाला के जरिए मिलने के बाद युवक को भारत वापस भेजा गया।

पीड़ित युवक अंकित निवासी राजौंद की शिकायत पर पुलिस ने पाकिस्तानी एजेंट सहित 5 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


विदेश जाने की चाह बनी जाल में फंसने की वजह

शिकायत के अनुसार अंकित अक्टूबर 2023 में काम के सिलसिले में अर्मेनिया गया था, जहां उसकी पहचान उत्तर प्रदेश निवासी मोहन प्रताप सिंह से हुई। मार्च 2025 में दोनों मौरिसिस गए, लेकिन वहां से डिपोर्ट कर दिए गए।

इसके बाद मोहन प्रताप ने अंकित को स्पेन का वीजा लगवाने का भरोसा दिया और अगस्त 2025 में दिल्ली बुलाया। अंकित के साथ उसके रिश्तेदार सुधीर (रोहतक निवासी) और दो अन्य युवक भी जाने वाले थे।


17 लाख में स्पेन भेजने का सौदा

चारों युवकों को स्पेन भेजने के नाम पर 17 लाख रुपये की मांग की गई। 4 सितंबर को सभी को जयपुर से तेहरान ले जाया गया। वहां से उन्हें ईरान के छायाबार एयरपोर्ट के पास एक मकान में ले जाकर बंधक बना लिया गया और उनके पास मौजूद 3200 अमेरिकी डॉलर भी छीन लिए गए।


पाकिस्तानी एजेंट की मारपीट और धमकी

11 सितंबर को पाकिस्तानी एजेंट मोसा वहां पहुंचा और युवकों के साथ मारपीट की। इसके बाद अंकित के जीजा रवि को वीडियो कॉल कर धमकी दी गई कि यदि युवकों को जिंदा देखना है तो 20 लाख रुपये देने होंगे।

काफी बातचीत के बाद 12 लाख रुपये में सौदा तय हुआ।


हवाला से हुई रकम की वसूली, 10 रुपये के नोट से मिला संकेत

आरोप है कि जालंधर (पंजाब) में हवाला के जरिए 12 लाख रुपये दिए गए। रकम की पुष्टि के लिए एक 10 रुपये का नोट भेजा गया, जिसे पहचान के संकेत के तौर पर इस्तेमाल किया गया।

पैसे मिलने के बाद अंकित को 19 सितंबर को भारत भेज दिया गया, जबकि बाकी लोगों के साथ ठगी की गई।


पुलिस ने दर्ज किया केस, अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की जांच

राजौंद थाना पुलिस ने अंकित की शिकायत पर
कुलदीप सिंह, प्रिंस (उत्तर प्रदेश), पाकिस्तानी एजेंट मोसा, इटली निवासी मिट्ठू और मोहन प्रताप सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुलिस अब हवाला नेटवर्क, विदेशी एजेंटों और मानव तस्करी गिरोह की कड़ियों को खंगालने में जुटी है।


बार-बार सामने आ रहे ऐसे मामले

यह मामला एक बार फिर दिखाता है कि विदेश जाने की चाह में युवा कैसे फर्जी एजेंटों और अंतरराष्ट्रीय ठग गिरोहों के जाल में फंस रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि विदेश जाने से पहले एजेंट की पूरी जांच और सरकारी सत्यापन जरूर कराएं।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now