सिरसा में बड़ा सड़क हादसा, ट्राले ने बाइक सवार को कुचला, ट्राला चालक वाहन छोड़कर फरार

On: January 15, 2026 6:01 PM
Follow Us:
सिरसा

हरियाणा के सिरसा जिले में दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। सिरसा के रानियां क्षेत्र में एक ट्राले ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्राला चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल भिजवाया।

18 वर्षीय हिमेश कुमार की मौत

मृतक की पहचान 18 वर्षीय हिमेश कुमार, निवासी गांव पंजुआना के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतक के पिता दलीप कुमार के बयान के आधार पर अज्ञात ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस के अनुसार हिमेश कुमार रानियां में एक दुकान पर काम करता था। वह अविवाहित था और दो भाइयों में सबसे छोटा था। बुधवार शाम करीब 7 बजे वह दुकान से बाइक पर अपने गांव लौट रहा था। गांव के नजदीक पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्राले ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से हिमेश को सिविल अस्पताल सिरसा पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वीरवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। युवक की मौत से परिवार में शोक की लहर है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

बडागुढा थाना के जांच अधिकारी मदन सिंह ने बताया कि ट्राला चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।


Musahibwala Accident: अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत

वहीं, सिरसा के मुसाहिबवाला गांव में भी एक और हादसा सामने आया है। यहां अज्ञात वाहन की टक्कर से 39 वर्षीय युवक की मौत हो गई।

मृतक की पहचान पप्पू (39) निवासी मुसाहिबवाला के रूप में हुई है। वह सिरसा मंडी में पल्लेदारी का काम करता था। पुलिस के अनुसार बुधवार रात करीब 9 बजे वह बाइक पर सिरसा से गांव लौट रहा था। गांव के नाके से करीब 500 मीटर पहले अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।

सदर थाना पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल वाहन चालक का पता नहीं चल पाया है।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now