चंडीगढ़. पंजाब और हरियाणा की राजधानी चंडीगढ़ में हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां पर एक 32 साल ट्यूशन टीचर के 20 साल के छात्र के साथ अवैध सबंध के चलते पति ने जान दे दी.घटना से जुड़े कुछ वीडियो भी सामने आए हैं. इसमें तलाक की बात भी हो रही है. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है.
जानकारी के अनुसार, चंडीगढ़ के मौली जागरण कॉलोनी का यह मामला है. यहां पर पत्नी का अपने ही स्टूडेंट के साथ अफेयर की बात सुनकर पति ने जा दे दी. बताया जा रहा है कि कोमल को ट्यूशन पर आने वाले अपने ही छात्र सनी से प्यार हो गया. इसका जब मोनू को पता चला तो उसने खुद को अपने प्यार में ठगा महसूस किया और वह अंदर से पूरी तरह टूट गया. इसका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह अपने भाई के सामने रोते हुए अपना दुख बयां कर रहा है.
समझाने के बाद भी जब पत्नी नहीं मानी और वह अपने मायके चली गई तो उसने आत्महत्या कर ली.
मृतक मोनू के परिवार के अनुसार, जब उसकी पत्नी अपने मायके चली गई थी तो वह 7 जुलाई को अपनी 6 साल की बेटी से मिलने ससुराल गया था, लेकिन उसने घर पर जाकर किसी को यह नहीं बताया कि उसके साथ वहां पर क्या हुआ है.
पुलिस को मोनू के घर से एक डायरी बरामद हुई है. उस डायरी में लिखा है कि 7 जुलाई को जो मेरे साथ हुआ, वह मैं किसी को बता नहीं सकता हूं. उस डायरी को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है. पुलिस ने उस डायरी और कुछ वीडियो सबूत के आधार पर ही कोमल और उसके छात्र सनी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया है.
मृतक मोनू की मां बोलीं कि मोनू अपनी पत्नी के मायके जाने के बाद पूरी तरह से टूट गया था. वह अपनी बेटी को घर लाना चाहता था, लेकिन ससुराल वालों ने इसके लिए मना कर दिया था. वह कह रहा था कि कोमल अब किसी और के साथ रहना चाहती है, लेकिन उसे उसकी बेटी चाहिए. वह उसकी बेटी को कहीं बेच देंगे. मैं भी मोनू के ससुराल पक्ष से बात की, लेकिन उन्होंने भी बेटी देने से मना कर दिया था.
हालांकि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और एक पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर सच्चाई क्या है फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है.
News18 ने मोनू के घर जाकर परिवार से बात की. परिवार ने रो-रो कर दास्तान बताई कि कैसे कोमल ने उनके बेटे के साथ गलत किया और आज उसके चलते ही उनका बेटा मोनू इस दुनिया में नहीं है.
परिवार वालों ने बताया कि कोमल का सनी के साथ चक्कर चल रहा था और वह उसी के साथ रहना चाहती थी. सनी उसका स्टूडेंट था और उसके पास पढ़ने आता था. मोनू ने थोड़े दिन पहले ही उनकी चैट पकड़ ली थी और उसके बाद से काफी ज्यादा लड़ाई-झगड़ा हुआ लेकिन कोमल नहीं मानी. कोमल यही कह रही थी कि मैं सनी के साथ ही रहना है.
परिजनों के मुताबिक बीते चार-पांच दिन पहले सनी कुछ लड़कों को लेकर हमारे घर पर आया था और आकर गाली गलौज करके गया था और कहा था कि कोमल सिर्फ मेरी है और मेरी ही रहेगी. हालांकि कोमल अपने मायके चली गई थी और जब मोनू उसको लेने गया था तो उसके साथ भी काफी दुर्व्यवहार किया था, जिसका जिक्र उसने एक डायरी में भी किया है कि मेरे साथ बहुत गलत हुआ है और मैं यह किसी के साथ बयान नहीं कर सकता.









