डांस का है शौक, तो ये बन सकता है आपकी कमाई का जरिया.. एक्सपर्ट से समझिए पूरा प्लान

On: September 21, 2026 8:15 AM
Follow Us:

अंबाला: आज के समय में माता-पिता बच्चों को पढ़ाई के साथ ऐसा हुनर भी सिखाना चाहते हैं, जो आगे चलकर उनके करियर और कमाई का जरिया बन सके. वहीं, युवा भी नौकरी के साथ अपना छोटा बिजनेस शुरू करने के विकल्प तलाश रहे हैं. ऐसे में डांस एकेडमी एक ऐसा बिजनेस आइडिया बनकर सामने आ रहा है, जिसे सीमित निवेश में शुरू किया जा सकता है. इसमें बच्चों को डांस सिखाने के साथ फिटनेस क्लास, स्कूल ट्रेनिंग और शादी समारोहों की बुकिंग से भी कमाई के रास्ते खुलते हैं.

डांस सीखने का बढ़ रहा है क्रेज

दरअसल, डांस अब केवल मंच पर प्रस्तुति देने तक सीमित नहीं है. पंजाबी, हरियाणवी, बॉलीवुड, राजस्थानी और विदेशी डांस फॉर्म की बढ़ती लोकप्रियता के चलते लोग इसे सीखने के लिए एकेडमी का रुख कर रहे हैं. बता दें कि बच्चों के अलावा महिलाएं, पुरुष और शादी समारोहों में प्रस्तुति देने वाले परिवार भी डांस क्लास से जुड़ रहे हैं. यही वजह है कि हुनर रखने वाले लोगों के लिए यह क्षेत्र रोजगार के साथ अपना बिजनेस खड़ा करने का अवसर भी दे रहा है.

साढ़े तीन साल की उम्र से शुरू कर सकते हैं डांस

वहीं, इस बारे में लोकल 18 की टीम ने पिछले 22 वर्षों से डांस के क्षेत्र से जुड़े डांस टीचर निशांत कश्यप से बातचीत की, तो उन्होंने बताया कि डांस सिखाने की शुरुआत बच्चों में करीब साढ़े तीन साल की उम्र से की जा सकती है और 50-60 साल तक की उम्र के लोग भी इसे सीख सकते हैं. उनका कहना है कि कम उम्र में डांस शुरू करने से बच्चों का बेस आसानी से तैयार हो जाता है और आगे चलकर उन्हें प्रतियोगिताओं तथा मंचीय प्रस्तुतियों में भी लाभ मिलता है.

20-25 हजार रुपये में शुरू हो सकती है एकेडमी

निशांत कश्यप ने बताया कि डांस एकेडमी शुरू करने के लिए बहुत बड़े निवेश की जरूरत नहीं होती. करीब 5 हजार रुपये के किराए पर हॉल लेकर, 5 से 10 हजार रुपये में म्यूजिक सिस्टम और जरूरत के अनुसार मैट व दीवार पर मिरर लगाकर शुरुआत की जा सकती है. उनके अनुसार लगभग 20 से 25 हजार रुपये के शुरुआती खर्च में एक छोटी डांस एकेडमी तैयार हो सकती है. हालांकि, किराया और अन्य खर्च स्थान के अनुसार अलग हो सकते हैं.

20 बच्चों से 30 हजार रुपये तक की फीस आय

उन्होंने कमाई का गणित समझाते हुए बताया कि अगर शुरुआत में एक बैच में 20 बच्चे भी जुड़ते हैं और प्रत्येक से 1500 रुपये मासिक फीस ली जाती है, तो करीब 30 हजार रुपये की फीस आय हो सकती है. इसके बाद बच्चों की संख्या बढ़ने पर एक से अधिक बैच चलाए जा सकते हैं और सुबह और शाम एक-एक घंटे की क्लास रखकर एकेडमी का संचालन किया जा सकता है. महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग बैच भी चलाए जा सकते हैं.

स्कूल में डांस टीचर की नौकरी से भी कमाई

वहीं, निशांत ने बताया कि डांस से कमाई का एकमात्र जरिया एकेडमी नहीं है, बल्कि युवा पढ़ाई के साथ निजी स्कूलों में डांस टीचर की नौकरी भी कर सकते हैं. उनके अनुसार कई स्कूलों में 20 से 25 हजार रुपये तक का शुरुआती मासिक पैकेज मिल सकता है. इसके अलावा शादी समारोहों में परिवारों को डांस सिखाने की बुकिंग भी अच्छी आय का माध्यम बन रही है. ऐसी बुकिंग में 5 हजार रुपये से लेकर लाखों रुपये तक फीस तय हो सकती है, जो कार्यक्रम और काम के स्तर पर निर्भर करती है.

एकेडमी के साथ स्कूल में भी काम कर रहे निशांत

उन्होंने अपने अनुभव के बारे में बताया कि वह खुद एक डांस एकेडमी चलाने के साथ निजी स्कूल में भी कार्यरत हैं. उनकी एकेडमी में शाम के एक बैच में करीब 20 विद्यार्थी आते हैं और प्रत्येक से 1500 रुपये फीस ली जाती है. इससे उन्हें करीब 25 से 30 हजार रुपये मासिक आय हो जाती है, वहीं स्कूल से मिलने वाली सैलरी अलग है और उनके सिखाए हुए बच्चे गीता यूनिवर्सिटी और बाल भवन की प्रतियोगिताओं में पुरस्कार जीत चुके हैं.

फिटनेस के साथ करियर बनाने का भी मौका

निशांत कश्यप के अनुसार, डांस सीखने से स्वास्थ्य बेहतर रखने में भी मदद मिलती है, क्योंकि इसमें लगातार शारीरिक गतिविधि होती है. आजकल कई लोग फिटनेस के लिए भी डांस एकेडमी ज्वाइन कर रहे हैं और उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में डिग्री से ज्यादा हुनर, अभ्यास और सिखाने की क्षमता मायने रखती है. ऐसे में जिन युवाओं को डांस का शौक है, वे इसे केवल शौक तक सीमित न रखकर प्रशिक्षण, स्कूल जॉब और अपनी एकेडमी के जरिए कमाई का बिजनेस बना सकते हैं. उन्होंने कहा कि बड़े-बड़े सेक्टरों में आप एकेडमी खोल सकते हैं या फिर स्कूल-कॉलेज से कुछ ही दूर पर अगर आप अकादमी खोलते हैं, तो वहां के युवा भी कुछ समय बाद आपके टैलेंट के साथ जुड़ने लगेंगे और फिर आप अच्छा मुनाफा व एक अलग पहचान बना सकते हैं.

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now