चंडीगढ़ के प्राइवेट स्कूलों में एडमिशन का शेड्यूल जारी, इस तारीख को निकलेगा ड्रॉ

On: November 27, 2026 6:32 PM
Follow Us:

चंडीगढ़ | बच्चे को अच्छे स्कूल में पढ़ाने का सपना हर माता-पिता देखते हैं। इसके लिए सही स्कूल चुनने से लेकर दाखिले की प्रक्रिया पूरी करने तक काफी भाग-दौड़ करनी पड़ती है। चंडीगढ़ में भी अब अभिभावकों की यह तैयारी शुरू होने वाली है। शहर के निजी स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए एंट्री क्लास में दाखिले का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। बता दें कि चंडीगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग के अनुसार, अभिभावक 9 से 22 दिसंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे।

Chandigarh School Admission 2027

आवेदन ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से किए जा सकेंगे। स्कूल शिक्षा निदेशक नितीश सिंगला ने बताया कि दाखिले से जुड़ी जानकारी स्कूलों को सार्वजनिक करनी होगी। किसी तरह की परेशानी होने पर अभिभावक जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) या निदेशक कार्यालय में शिकायत कर सकते हैं।

एडमिशन का पूरा शेड्यूल

तारीखप्रक्रिया
7 दिसंबर 2026स्कूल वेबसाइट और नोटिस बोर्ड पर जानकारी जारी।
9 से 22 दिसंबर 2026ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन।
18 जनवरी 2027योग्य और चयनित बच्चों की सूची।
19 जनवरी से 2 फरवरीड्रॉ के माध्यम से दाखिले।
12 फरवरी 2027चयनित बच्चों की जानकारी सार्वजनिक।

स्कूलों की पूरी जानकारी

सभी निजी स्कूलों को 7 दिसंबर तक अपनी वेबसाइट और नोटिस बोर्ड पर दाखिले से जुड़ी जानकारी जारी करनी होगी। इसमें बच्चों की निर्धारित उम्र, आवेदन का तरीका और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी शामिल रहेगी। आवेदन के साथ 150 रुपये रजिस्ट्रेशन फीस देनी होगी। यह प्रक्रिया केवल निजी स्कूलों के लिए है। स्कूलों को 18 जनवरी 2027 तक योग्य और चयनित बच्चों की सूची सार्वजनिक करनी होगी। इसके बाद 19 जनवरी से 2 फरवरी तक ड्रॉ के जरिए दाखिले किए जाएंगे।

ड्रॉ में चयनित बच्चों की जानकारी 12 फरवरी तक जारी करना अनिवार्य होगा। अभिभावकों को तय समय में फीस जमा करनी होगी, ऐसा नहीं करने पर बच्चे का दाखिला रद्द हो सकता है।

दाखिले का शेड्यूल जल्द

आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) और दिव्यांग (DG) श्रेणी के बच्चों के दाखिले का कार्यक्रम भी जल्द जारी होगा। शहर के 84 निजी और 7 सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों समेत कुल 91 स्कूलों में इन श्रेणियों के लिए कोटा निर्धारित है। EWS श्रेणी के 25 प्रतिशत बच्चों को आठवीं कक्षा तक मुफ्त शिक्षा मिलती है। दिव्यांग बच्चों के लिए भी अलग सीटें आरक्षित हैं।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now