Last Updated:
Yamunanagr Latest News : हरियाणा-हिमाचल सीमा पर यमुना नदी में बाढ़ बचाव की प्रैक्टिस के दौरान सेना की मोटर बोट डूब गई. हादसे के वक्त बोट में चार जवान सवार थे. इनमें से तीन जवान करीब 600 मीटर तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि एक जवान तेज बहाव में लापता हो गया. उसकी तलाश के लिए NDRF और पुलिस की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
हथिनीकुंड बैराज पर मिलिट्री ट्रेनिंग के दौरान हुआ हादसा.
यमुनानगर : हरियाणा-हिमाचल सीमा पर हथिनीकुंड बैराज पर यमुना नदी में बाढ़ बचाव की प्रैक्टिस के दौरान बड़ा हादसा हो गया. अभ्यास के दौरान सेना की मोटर बोट डेंजर जोन की तरफ चली गई और तेज बहाव के बीच नदी में डूब गई. हादसे के समय बोट में सेना के चार जवान सवार थे. बोट के डूबते ही चारों जवान नदी के तेज बहाव में फंस गए.
हादसे के बाद तीन जवानों ने हिम्मत दिखाई और करीब 600 मीटर तक तैरकर किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आए. हालांकि, सेना का एक जवान तेज बहाव में बह गया और इसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है. लापता जवान की तलाश के लिए मौके पर बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया है.
घटना की जानकारी मिलते ही हरियाणा और उत्तर प्रदेश पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं. प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया. लापता जवान की तलाश में मदद के लिए NDRF की टीम को भी बुलाया गया. नदी में तेज बहाव होने की वजह से रेस्क्यू टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है.
रेस्क्यू टीमों ने काफी देर तक यमुना में सर्च ऑपरेशन चलाया. इस दौरान सेना की नदी में डूबी मोटर बोट को भी तलाश कर लिया गया. जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद मोटर बोट को पानी से बाहर निकाल लिया. हालांकि, बोट मिलने के बावजूद लापता जवान का अभी तक कोई पता नहीं चल सका है। उसकी तलाश लगातार जारी है.
बताया जा रहा है कि बाढ़ बचाव की प्रैक्टिस के दौरान मोटर बोट अचानक डेंजर जोन की तरफ चली गई थी. इसी दौरान तेज बहाव के कारण बोट का संतुलन बिगड़ा और वह नदी में डूब गई. हादसे के बाद आसपास के इलाके में भी हड़कंप मच गया. देर शाम तक सेना की ओर से इस हादसे को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई थी.
वहीं, संबंधित पुलिस अधिकारियों ने भी घटना के बारे में ज्यादा जानकारी देने से इनकार कर दिया. पुलिस की ओर से इसे देश की सुरक्षा से जुड़ा मामला बताया गया है. फिलहाल सेना की मोटर बोट को नदी से बाहर निकाल लिया गया है, जबकि लापता जवान की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है. रेस्क्यू टीमों की नजर यमुना के तेज बहाव और आसपास के इलाके पर बनी हुई है.
About the Author

अभिजीत चौहान, News18 Hindi के डिजिटल विंग में सब-एडिटर हैं. वर्तमान में अभिजीत उत्तर प्रदेश की राजनीति, सामाजिक मुद्दों, क्राइम, ब्रेकिंग न्यूज और वायरल ख़बरें कवरेज कर रहे हैं. AAFT कॉलेज से पत्रकारिता की मास्…
और पढ़ें











