हरियाणा से गुजरेगा राख का बादल, कई उड़ाने की गई रद्द, जानिए मौसम विभाग ने क्या कहा?

On: November 25, 2025 10:13 AM
Follow Us:
हरियाणा

इथियोपिया में हजारों साल बाद फटे हायली गुब्बी ज्वालामुखी से उठा राख का विशाल गुबार सोमवार रात करीब 11 बजे दिल्ली पहुंच गया। इसकी वजह से राजधानी और आसपास के इलाकों के आसमान में हल्की धुंध और परत जैसी स्थिति देखी गई। हालांकि, मौसम विभाग ने आश्वासन दिया है कि यह राख इतनी ऊंचाई पर है कि इसका दिल्ली की वायु गुणवत्ता (AQI) पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा।

राख का बादल कहाँ-कहाँ पहुंचा?

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, पिछले 24 घंटे में राख का यह बादल अफ्रीका से लाल सागर और मध्य पूर्व के ऊपर से गुजरता हुआ उत्तर पश्चिम भारत में दाखिल हुआ। यह बादल गुजरात, राजस्थान, दिल्ली-NCR, हरियाणा और पंजाब के ऊपर से गुजर सकता है। IMD इस राख के बादल पर लगातार नजर बनाए हुए है।

विमानन सेवाओं पर पड़ा सीधा असर, कई उड़ानें रद्द

हालांकि आम लोगों के लिए यह राख सीधे तौर पर हानिकारक नहीं है, लेकिन विमानन क्षेत्र पर इसका सीधा और तत्काल असर पड़ा है। राख की दिशा बदलने के साथ ही सोमवार को दोपहर बाद से एयरलाइंस ने उड़ानें रद्द करनी शुरू कर दी हैं।

वैज्ञानिकों ने क्या कहा?

भारतीय मौसम विभाग के महानिदेशक एम मोहापात्रा ने कहा कि राख का बादल बहुत ऊंचाई (लगभग 15,000 से 45,000 फीट) पर है, इसलिए इसके जमीनी स्तर की वायु गुणवत्ता पर असर पड़ने की संभावना कम है। उन्होंने बताया कि इस बादल में सल्फर डाइऑक्साइड और चट्टानों के सूक्ष्म कण मौजूद हैं।

इंडिया मेट स्काय के मौसम विश्लेषक अश्वार्य तिवारी के अनुसार, यह राख का बादल उत्तर भारत की ओर 100-120 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से बढ़ रहा था। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि मंगलवार की सुबह सूर्योदय के समय आसमान का रंग थोड़ा अलग और रंग-बिरंगा दिख सकता है।

इस बीच, मैक्सिको में भी पोपोकाटेपेटल ज्वालामुखी की सक्रियता दर्ज की गई है, जो दुनिया भर में ज्वालामुखी गतिविधि में बढ़ोतरी का संकेत देता है।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now