Asian Para Games 2026: मोना अग्रवाल ने फिर लहराया तिरंगा, वर्ल्ड रिकॉर्ड के साथ जीता गोल्ड

On: October 23, 2026 10:53 AM
Follow Us:

Asian Para Games 2026: एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। भारतीय पैरा शूटर मोना अग्रवाल ने महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन SH1 स्पर्धा के फाइनल में वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। यह इन खेलों में मोना का दूसरा गोल्ड मेडल है। उन्होंने 357.5 का रिकॉर्ड स्कोर बनाया और चीन की कुइपिंग झांग को 3.8 पॉइंट से पीछे छोड़ दिया। झांग को सिल्वर मेडल मिला।

मोना अग्रवाल ने इससे पहले एशियन पैरा गेम्स 2026 के पहले दिन महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग SH1 स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता था। उस मुकाबले में भी उन्होंने रिकॉर्ड प्रदर्शन किया था। मोना ने सातवीं सीरीज के बाद 250 का स्कोर बनाकर गोल्ड अपने नाम किया और 2023 हांग्जो एशियन पैरा गेम्स में अवनी लेखरा के 249.6 के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया था। इस बार 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन SH1 फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए मोना ने एक और गोल्ड जीतकर भारत की पदक तालिका में इजाफा किया।

अवनी लेखरा चौथे स्थान पर रहीं

इस स्पर्धा में भारत की दूसरी निशानेबाज अवनी लेखरा भी फाइनल में उतरीं, लेकिन वह पदक जीतने से चूक गईं। अवनी चौथे स्थान पर रहीं। प्रोन पोजीशन के बाद वह शीर्ष दो खिलाड़ियों में शामिल थीं, लेकिन स्टैंडिंग सीरीज में पिछड़ने के कारण पोडियम तक नहीं पहुंच सकीं।

पैरा बैडमिंटन और आर्चरी में भी भारत का जलवा

एशियन पैरा गेम्स के पांचवें दिन भारतीय खिलाड़ियों ने कई स्पर्धाओं में पदक जीते। पैरा बैडमिंटन में नितेश कुमार ने पुरुषों के सिंगल्स SL3 फाइनल में गोल्ड मेडल जीता, जबकि प्रमोद भगत को सिल्वर मेडल मिला। नवीन शिवकुमार ने पुरुषों के सिंगल्स SL4 फाइनल में इंडोनेशिया के फ्रेडी सेतियावान को हराकर गोल्ड जीता। पैरा आर्चरी में हरविंदर सिंह और विजय सुंडी ने पुरुषों के रिकर्व डबल्स में गोल्ड मेडल अपने नाम किया। वहीं, संदीप ने पुरुषों की 400 मीटर T64 स्पर्धा में गोल्ड जीता और अजय कुमार ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। हैनी ने पुरुषों की जैवलिन थ्रो F37/38 स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतकर भारत की सफलता में योगदान दिया।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now