सज्जन कुमार पर दिए बयान पर घिरे दीपेंद्र हुड्डा, अभय चौटाला बोले- ‘ये कोई लॉलीपॉप नहीं जो मुंह में डाल ली’

On: August 26, 2026 7:40 PM
Follow Us:

1984 सिख विरोधी दंगों के दोषी और पूर्व कांग्रेस नेता सज्जन कुमार के निधन पर दिए गए बयान को लेकर रोहतक से सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। दीपेंद्र हुड्डा के बयान और बाद में दी गई सफाई पर अब इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला ने तीखा हमला बोला है।

हिसार में मीडिया से मुखातिब होते हुए अभय चौटाला ने तंज कसा कि दीपेंद्र हुड्डा कोई छोटे बच्चे नहीं हैं, जिनके मुंह में कोई भी जबरन बात डाल देगा। उन्होंने कहा, “यह कोई लॉलीपॉप थोड़ी ना है कि किसी ने दी और मुंह में डाल ली।”

क्या था पूरा मामला?

20 अगस्त को दिल्ली में सज्जन कुमार के निधन के बाद श्रद्धांजलि देने पहुंचे दीपेंद्र हुड्डा ने कहा था कि सज्जन कुमार का जनता से जुड़ाव एक मिसाल था और उनके योगदान के उदाहरण पूरे देश में दिए जाते हैं।

इस बयान का वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों में विरोध शुरू हो गया। विवाद बढ़ता देख 22 अगस्त को दीपेंद्र हुड्डा ने सफाई जारी करते हुए कहा था कि यह बात उनके मुंह में जबरन डाली गई थी और उनकी ऐसी कोई मंशा नहीं थी। उन्होंने यह भी जोड़ा कि उनके परिवार का सिख समाज से गहरा जुड़ाव रहा है और 1984 के पीड़ितों को न्याय मिलना ही चाहिए।

अभय चौटाला बोले- 1984 में चौधरी देवीलाल ने रोके थे दंगे

अभय चौटाला ने 1984 के दौर को याद करते हुए कहा कि जब देश में सिख विरोधी हिंसा भड़की थी, तब चौधरी देवीलाल मजबूती से सिख समाज के साथ खड़े हुए थे।

  • देवीलाल उस दौर में शरद यादव, प्रो. संपत सिंह और केसी त्यागी के साथ दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर डटे रहे ताकि हिंसा हरियाणा में न फैले।

  • उन्होंने तत्कालीन राष्ट्रपति ज्ञानी जैल सिंह से मुलाकात कर देश को हिंसा की आग से बचाने की अपील की थी।

कांग्रेस के भीतर भी विरोध, कुलदीप शर्मा ने खड़गे को लिखा पत्र

दीपेंद्र हुड्डा के बयान से कांग्रेस के भीतर भी हलचल तेज हो गई है। हरियाणा विधानसभा के पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को पत्र लिखकर दीपेंद्र हुड्डा को कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) से तुरंत हटाने की मांग की है। वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने भी इस पत्र को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now