Last Updated:
Chakhi Dadri News: हरियाणा के चरखी दादरी में गोबर फेंकने के मामूली विवाद पर किसान मनोज की हत्या कर दी गई. आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों ने 18 घंटे तक जाम लगाया. पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
चरखी दादरी. हरियाणा के चरखी दादरी जिले के गांव महराणा में घर के गेट पर भैंस के गोबर और पानी पिलाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. इस विवाद में 40 वर्षीय किसान मनोज की बेरहमी से हत्या कर दी गई. सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर महिलाएं और पुरुष रातभर सड़क पर डटे रहे. सुबह प्रशासन, पुलिस व बाढड़ा विधायक उमेद पातुवास के आश्वासन के बाद 18 घंटों में जाम खोला.
मृतक के भाई संजय कुमार ने बताया कि 20 नवंबर को दिन में मनोज की पत्नी ने गेट पर भैंस का गोबर करने पर कुछ युवकों को टोका था. इस पर कहासुनी हुई और आरोपियों ने रात को जान से मारने की धमकी दी. उसी रात घर में सो रहा मनोज पर फरसे, कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से हमला कर अधमरा कर दिया. गंभीर हालत में उसे रोहतक पीजीआई भर्ती कराया गया, जहां सोमवार रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. मनोज खेतीबाड़ी करता था और अपने पीछे एक बेटा व एक बेटी छोड़ गया है.
18 घंटे तक सड़क पर होता रहा बवाल
मंगलवार सुबह बाढ़ड़ा विधायक उमेद पातुवास और डीएसपी हेडक्वार्टर धीरज कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों के सख्त कार्रवाई के आश्वासन के बाद 18 घंटे से लगा जाम खोला गया. डीएसपी धीरज कुमार ने बताया कि 6 नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. फरार आरोपियों की तलाश में सीआईए और साइबर सेल सहित 4-5 विशेष टीमें दबिश दे रही हैं.
पीड़ित परिवार को दो लाख की सहायता
वहीं, विधायक उमेद पातुवास ने पीड़ित परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति को देखते हुए 2 लाख रुपये तथा ग्रामीणों ने 1.51 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है. उन्होंने कहा कि कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के तत्वों ने बेरहमी से एक युवक की हत्या की है. मैं रात को भी ग्रामीणों के बीच आया था और आज सुबह भी प्रशासन के साथ पहुंचा हूं. मैंने एसपी साहब से बात की है और दोषी किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कोई भी हो.
About the Author

Vinod Kumar Katwal is a Senior journalist with over 14 years of experience across print and digital media. He currently serves as a Senior Correspondent at News 18 Hindi, leading Himachal Pradesh, Chandigarh an…












