Haryana: राष्ट्रीय राजमार्ग-152 पर ट्रक से टकराई कार, 68 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, चार घायल

On: April 13, 2026 8:19 PM
Follow Us:

Haryana News: राष्ट्रीय राजमार्ग-152 पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के चार अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में दो बेटियां, बेटा और दामाद घायल हुए हैं।

जानकारी के अनुसार, हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना के संतोषगढ़ निवासी 68 वर्षीय बृजमोहन अपने परिवार के साथ खाटू श्याम मंदिर से दर्शन कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान लोटनी गांव के पास उनकी कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार ट्रक के नीचे घुस गई और बुरी तरह फंस गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।

घायल साहिल सच्चर के अनुसार, कार में उनके पिता बृजमोहन, बहनें नीतू और चांदनी, और जीजा सौरव सोनी सवार थे। परिवार दर्शन के बाद लौट रहा था, तभी यह हादसा हुआ। कार को सौरव सोनी चला रहे थे।

बताया जा रहा है कि ट्रक सड़क किनारे बिना किसी इंडिकेटर या चेतावनी संकेत के खड़ा था, जिससे अंधेरे में यह टक्कर हो गई। बृजमोहन को पिहोवा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस ने ट्रक नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now