Haryana News: हरियाणा के सरकारी स्कूलों ने रचा नया रिकॉर्ड! 94% तक पहुंचा परीक्षा परिणाम, शिक्षा मंत्री ने बताई वजह

On: November 13, 2026 7:27 PM
Follow Us:

Haryana News: हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि सरकारी स्कूलों में पढ़ाई के स्तर को लेकर बनी धारणा अब बदल रही है। वर्ष 2013-14 में सरकारी स्कूलों का परीक्षा परिणाम 32 से 38 प्रतिशत तक रहता था, जो अब बढ़कर 90 से 94 प्रतिशत तक पहुंच गया है। करीब 30 साल बाद सरकारी स्कूलों के प्रति लोगों का नजरिया बदलने लगा है।

मंत्री शुक्रवार को गन्नौर (सोनीपत) के राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित एनुअल एजुकेशनल फेस्ट में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता लगातार बेहतर हो रही है। अब यह धारणा टूट रही है कि सरकारी स्कूलों में अच्छी पढ़ाई नहीं होती। उन्होंने कहा कि आज देश और प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में जो क्रांतिकारी बदलाव आ रहा है, उसका पूरा श्रेय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व को जाता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति ने सदियों पुरानी पारंपरिक और रट्टामार शिक्षा पद्धति को बदलकर एक ऐसी व्यवस्था को जन्म दिया है, जो विद्यार्थी की आंतरिक क्षमताओं को उभारती है।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ‘स्किल इंडिया’ और ‘डिजिटल इंडिया’ जैसे अभियानों ने हमारे युवाओं को जॉब सीकर  से बदलकर जॉब क्रिएटर  बनने की प्रेरणा दी है। आज देश का युवा तकनीकी रूप से सक्षम हो रहा है, और भारतीय ज्ञान परंपरा के साथ-साथ आधुनिक विज्ञान की ओर कदम बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार शिक्षा और युवाओं के उत्थान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। प्रदेश के विकास की धुरी हमारे युवा हैं।

इस दौरान शिक्षा मंत्री ने विद्यार्थियों के सवाल पूछने के तरीके, आत्मविश्वास और राजनीतिक-सामाजिक मुद्दों की समझ की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां बच्चों में नेतृत्व क्षमता, तार्किक सोच और लोकतांत्रिक व्यवस्था की समझ विकसित करती हैं। इस अवसर पर विधायक देवेंद्र सिंह कादियान, जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया, बीईओ सुरजीत घणघस, बीआरसी आजाद दहिया, स्कूल प्रिंसिपल जगबीर देशवाल, माईराम कौशिक, तरुण देवीदास, तरुण कौशिक और पवन कुमार मौजूद रहे।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now