Haryana News: हरियाणा के झज्जर में भारतीय मजदूर संघ के नेतृत्व में करीब 13 कर्मचारी संगठनों ने सोमवार को प्रदेश की सैनी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए लघु सचिवालय में जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कर्मचारी लघु सचिवालय परिसर में एकत्रित हुए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जिला उपायुक्त के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम मांग पत्र सौंपा।
कर्मचारी संगठनों का मुख्य मुद्दा पिछले 11 महीने से वेतन नहीं मिलने और कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने का रहा। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि सरकार की ओर से पूर्व में उनकी मांगों को मानने का आश्वासन दिया गया था,लेकिन आज तक उन मांगों को पूरी तरह लागू नहीं किया गया। इसके चलते कर्मचारियों में सरकार के प्रति भारी रोष है।प्रदर्शन के दौरान कर्मचारी नेताओं ने हरियाणा सरकार और मुख्यमंत्री पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि कर्मचारियों से किए गए वादों को पूरा नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से वेतन नहीं मिलने के कारण कर्मचारियों और उनके परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। कर्मचारी नेताओं ने सरकार के बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार महिला सशक्तिकरण की बात करती है,वहीं दूसरी तरफ महिला कर्मचारियों को समय पर वेतन तक नहीं दिया जा रहा।
भारतीय मजदूर संघ की प्रदेश उपाध्यक्ष छोटा गहलोत ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कर्मचारियों की मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया तो कर्मचारी संगठन अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने के साथ बड़े आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। उन्होंने सरकार से कर्मचारियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की।











