Haryana News: दिल्ली और हरियाणा को जोड़ने वाले व्यस्त एनएच-48 पर अब बड़ा बदलाव होने जा रहा है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने करीब 28 किलोमीटर लंबे हिस्से के पुनर्निर्माण और सुदृढ़ीकरण के लिए 245 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट तैयार किया है।
करीब 18 साल पुराने इस हाईवे पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव के कारण कई जगह सड़क कमजोर हो चुकी है। नए प्रोजेक्ट के तहत सड़क की री-सर्फेसिंग, नई लेयरिंग और मजबूती का काम किया जाएगा। इसके साथ ही पुराने बैरियर हटाकर आधुनिक न्यू जर्सी बैरियर लगाए जाएंगे, जिससे सड़क सुरक्षा में सुधार होगा।
हाईवे पर रात के समय बेहतर दृश्यता के लिए नई आधुनिक लाइटें लगाई जाएंगी और दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट्स पर विशेष सुधार कार्य किए जाएंगे। यहां साइन बोर्ड और अन्य सुरक्षा उपाय भी लगाए जाएंगे, ताकि हादसों में कमी लाई जा सके।
यह प्रोजेक्ट किलोमीटर 14.3 से 36.63 तक के हिस्से को 8 लेन और 36.63 से 42 किलोमीटर तक के 6 लेन हिस्से को मजबूत करेगा। यह कॉरिडोर दिल्ली और गुरुग्राम के बीच अहम कनेक्टिविटी प्रदान करता है, जिससे रोजाना लाखों यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा।
इसके अलावा राजीव चौक से हीरो होंडा चौक और खेड़कीदौला टोल प्लाजा के बीच सर्विस रोड पर जलभराव की समस्या को खत्म करने के लिए कंक्रीट का काम किया जाएगा। इससे बरसात के दौरान वाहन चालकों को राहत मिलेगी।













