Haryana Weather Update: हरियाणा में कल से मौसम में बदलाव, कई स्थानों पर बारिश की आंशका

On: February 27, 2026 10:00 AM
Follow Us:
Weather Alert

हरियाणा में गर्मी ने फरवरी के अंतिम सप्ताह में ही तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। प्रदेश का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जिससे दिन के समय गर्मी का असर साफ महसूस किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 27 फरवरी को राज्य में मौसम सामान्यतः शुष्क रहेगा, जबकि 28 फरवरी से बीच-बीच में आंशिक बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी की संभावना है।

भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस नूंह में दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 3.5 डिग्री अधिक है। इसे इस सीजन का अब तक का उच्चतम स्तर माना जा रहा है।

कई जिलों में 30 डिग्री के करीब पहुंचा तापमान

हिसार में अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री, नारनौल में 30.5 डिग्री और भिवानी में 30.0 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा रोहतक में 28.7 डिग्री और गुरुग्राम में 29.3 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। प्रदेश के कई जिलों में पारा 28 डिग्री से ऊपर बना हुआ है।

मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि फरवरी के अंत में 30 डिग्री के पार तापमान पहुंचना जल्दी गर्मी आने का संकेत है। औसत अधिकतम तापमान में करीब 0.4 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई है और यह सामान्य से लगभग 3.5 डिग्री ऊपर चल रहा है।

न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक

न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी देखी गई है। औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक दर्ज किया गया, जबकि इसमें 0.4 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री सेल्सियस सोनीपत जिले के सारंगथल क्षेत्र में रिकॉर्ड किया गया।

हिसार में 10.9 डिग्री, महेंद्रगढ़ में 10.4 डिग्री और भिवानी में 12.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। उत्तर और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से आने वाले दिनों में रात के तापमान में हल्की गिरावट की संभावना जताई गई है। इससे सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक बनी रह सकती है, जबकि दिन में गर्मी का असर जारी रहेगा।

मौसम विभाग ने किसानों और आम नागरिकों को सलाह दी है कि तापमान में हो रहे बदलाव को देखते हुए दिन के समय सावधानी बरतें और फसलों की सिंचाई व प्रबंधन पर ध्यान दें।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now