हरियाणा के कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव की शुरुआत भव्य अंदाज में हुई। राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने ब्रह्मसरोवर के पवित्र तट से सरस व शिल्प मेले का शुभारंभ किया और दीप प्रज्ज्वलित कर श्रीमद्भगवद गीता की प्रति पर पुष्प अर्पित किए। इसी के साथ महोत्सव का औपचारिक आगाज हो गया। राज्यपाल ने मीडिया सेंटर का उद्घाटन भी किया तथा ढोल-नगाड़ा पार्टी, नृत्य कलाकारों, करतब टीमों और बीन वादकों से बातचीत कर उनका उत्साह बढ़ाया।
51 देशों में गूंज रहा गीता महोत्सव का संदेश
कुरुक्षेत्र के साथ-साथ विदेश मंत्रालय के सहयोग से 51 देशों में गीता जयंती महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। विदेश मंत्रालय और कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड (KDB) की ओर से फिजी, जापान, सऊदी अरब के रियाद, इंडोनेशिया के मेदान और डेनमार्क में कार्यक्रम सम्पन्न हो चुके हैं।
KDB के अनुसार, फिजी के श्री राधा गोलोका बिहारी मंदिर में अत्यंत भव्य और आध्यात्मिक गीता समारोह आयोजित हुआ। सऊदी अरब के रियाद में गीता महोत्सव–ए–म्यूजिकल, जबकि डेनमार्क के कोपेनहैगन में गीता महोत्सव नाम से कार्यक्रम हुआ। यहां दीपशिखा डागा द्वारा कत्थक और इस्कॉन द्वारा कीर्तन प्रस्तुत किए गए।
डेनमार्क टेक्निकल यूनिवर्सिटी के दो भारतीय छात्रों ने AI आधारित “टीचिंग ऑफ द गीता” एप्लिकेशन का प्रजेंटेशन भी दिया।
इंडोनेशिया और जापान में भी अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन बड़ी धूमधाम से हुआ।
एक सप्ताह तक कलाकारों की सुरमयी संध्या
महोत्सव के मुख्य कार्यक्रम 24 नवंबर से 1 दिसंबर तक चलेंगे। पुरुषोत्तमपुरा बाग में बने मुख्य मंच पर प्रतिदिन देश के विख्यात कलाकार प्रस्तुति देंगे।
प्रमुख कार्यक्रम इस प्रकार हैं:
24 नवंबर: पद्मिनी कोल्हापुरी
25 नवंबर: पंजाबी सूफी गायक कंवर ग्रेवाल
26 नवंबर: पुनीत इस्सर (महाभारत के दुर्योधन)
27 नवंबर: भजन गायक सुरेश वाडेकर
28 नवंबर: रामायण प्रस्तुति
29 नवंबर: वीर रस के कवि डॉ. हरिओम पंवार
30 नवंबर: साध्वी पूर्णिमा
1 दिसंबर: भजन सम्राट अनूप जलोटा
इसके अलावा, रविवार सुबह 6:30 बजे “गीता रन” का आयोजन किया जाएगा, जिसका शुभारंभ राज्यसभा सांसद गीता शर्मा करेंगी।
कड़े सुरक्षा प्रबंध – 1200 पुलिसकर्मी ड्यूटी पर, 200 CCTV निगरानी में तैनात
अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव में सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं।
करीब 10 DSP, 1200 पुलिस कर्मी और 200 CCTV कैमरों के माध्यम से पूरे ब्रह्मसरोवर क्षेत्र पर नजर रखी जाएगी।
ब्रह्मसरोवर के आसपास 16 पुलिस नाके और शहर के अंदर से आने वाले रास्तों पर 17 पुलिस नाके स्थापित किए गए हैं, ताकि भीड़ को सुरक्षित ढंग से नियंत्रित किया जा सके।











