Last Updated:
Faridabad Priest Murder Case: फरीदाबाद में बुजुर्ग पुजारी की हत्या मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस जांच में सामने आया है कि 65 वर्षीय पुजारी ओमप्रकाश ने आरोपियों को मंदिर परिसर के पास नशा करने से रोका था. इसी बात से भड़के नशेड़ियों ने बुजुर्ग को पत्थर के सिल-बट्टे से सिर कुचलकर उन्हें मौत के घाट उतार दिया.
पुजारी हत्याकांड में पुलिस का बढ़ा खुलासा.
Faridabad News: फरीदाबाद में सेक्टर-30 बाईपास रोड पर नहर किनारे मंदिर के पास पुजारी की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, पुजारी ने मंदिर के पास नशा करने से आरोपियों को रोका था, जिसके बाद विवाद हुआ और आरोपियों ने उनके साथ मारपीट कर दी. इसी दौरान पत्थर के सिल-बट्टे से सिर पर वार करने से पुजारी की मौत हो गई.
सहायक पुलिस आयुक्त अपराध अमन यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 30 और 31 अगस्त की रात सेक्टर-30 बाईपास रोड पर नहर के किनारे सुनसान स्थान पर बने मंदिर के पास पुजारी ओमप्रकाश (65) की सिर में चोट मारकर हत्या कर दी गई थी. मामले में मृतक के चाचा के बेटे अशोक कुमार, निवासी अहीरवाड़ा, ओल्ड फरीदाबाद की शिकायत पर थाना सेक्टर-31 में हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था. जांच अपराध शाखा डीएलएफ को सौंपी गई थी.
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपी आपस में दोस्त हैं और एक ही कॉलोनी में रहते हैं. दोनों नशे के आदी बताए गए हैं. पूछताछ में सामने आया कि 30 अगस्त की रात दोनों आरोपी अपने दो अन्य साथियों के साथ सेक्टर-30 बाईपास रोड कट के पास नहर किनारे मंदिर के पास नशा कर रहे थे. इसी दौरान पुजारी ओमप्रकाश वहां पहुंचे और उन्हें नशा करने से रोकते हुए वहां से जाने के लिए कहा था.
आपराधिक प्रवृत्ति के हैं पकड़े गए आरोपी
पुलिस ने इस जघन्य वारदात में शामिल आशिफ उर्फ टीटी (20 वर्ष, निवासी मथुरा, यूपी) और आशिफ उर्फ कालिया (34 वर्ष, निवासी भरतपुर, राजस्थान) को गिरफ्तार किया है. ये दोनों फिलहाल फरीदाबाद की किसान मजदूर कॉलोनी में रहकर ऑटो चला रहे थे. पुलिस के मुताबिक, आरोपी आशिफ उर्फ टीटी एक शातिर अपराधी है, जिस पर पहले से ही आर्म्स एक्ट और चोरी समेत तीन मामले दर्ज हैं.
दो फरार साथियों की तलाश तेज
एसीपी अमन यादव ने बताया कि पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और वारदात में शामिल अपने दो अन्य साथियों के नाम भी उगल दिए हैं. पुलिस ने उनकी भी पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है. फिलहाल गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि हत्या में इस्तेमाल हथियार, लूटा गया सामान और वारदात से जुड़े अन्य अहम सुराग हासिल किए जा सकें.
About the Author

सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …
और पढ़ें












