Last Updated:
पश्चिमी दिल्ली में महज 1,000 रुपये के किराए को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया. गुरुग्राम के इफको चौक से यात्री को अपनी वैनलेकर आए एक ड्राइवर ने उसकी पत्थर से पीट-पीट कर हत्या कर दी. इसके बाद, अपनी पत्नी और बेटे के साथ मिलकर शव को ठिकाने लगा दिया. पुलिस ने करीब 500 CCTV फुटेज खंगालने के बाद आरोपी तक पहुंचने में कामयाब हो गई.
सिर्फ 1000 रुपए के लिए कैब ड्राइवर ने पैसेंजर का मर्डर कर दिया. (एआई इमेज)
Delhi Crime news: पश्चिमी दिल्ली में करीब 1,000 रुपये के किराए को लेकर हुए विवाद में एक वैन चालक ने अपने यात्री की ईंट से पीट-पीटकर हत्या कर दी. हत्या के बाद आरोपी ने शव को नारायणा इलाके में सड़क किनारे फेंक दिया. इस मामले में पुलिस ने चालक, उसकी पत्नी और बेटे को गिरफ्तार किया है. हालांकि, अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान 59 साल के राजिंदर कुमार उर्फ अन्नू के रूप में हुई है. वह नारायणा गांव का रहने वाला है. पूछताछ में राजिंदर ने बताया कि 17 अगस्त को उसने गुरुग्राम के इफको चौक से एक यात्री को अपनी मारुति ईको वैन में बैठाया था. दोनों के बीच सफर के दौरान करीब 1,000 रुपये के किराए को लेकर विवाद शुरू हो गया.
यह झगड़ा इस कदर बढ़ा कि गुस्से में राजिंदर ने ईंट से यात्री के सिर और शरीर पर कई वार कर दिए. गंभीर चोट लगने के कारण यात्री की मौत हो गई. हत्या के बाद राजिंदर ने शव को ठिकाने लगाने के लिए अपनी पत्नी कामिनी मखीजा और 28 साल के बेटे लक्ष्य मखीजा को भी बुलाया. पुलिस के अनुसार, दोनों ने शव को छिपाने और घटना के सबूत मिटाने में उसकी मदद की.
आरोप है कि राजिंदर की पत्नी ने वैन को छिपाने में मदद की, जबकि बेटे की मदद से मृतक के कपड़े और जूते ठिकाने लगाए गए. इस पूरी वारदात का खुलासा तब हुआ, जब पुलिस को नारायणा विहार इलाके में एक शव पड़े होने की सूचना मिली. पीसीआर कॉल के बाद नारायणा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. वहां सरकारी स्कूल की दीवार के पास फुटपाथ पर करीब 35 साल के एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा था. शव नग्न हालत में था.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की क्राइम टीम और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया. जरूरी सबूत जुटाने के बाद शव को दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल भेजा गया. शुरुआत में पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती मृतक की पहचान करना और यह पता लगाना था कि उसे वहां कौन लेकर आया. घटनास्थल पर कोई प्रत्यक्षदर्शी भी नहीं मिला था. ऐसे में पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालनी शुरू की.
जांच के दौरान पुलिस टीम ने करीब 500 सीसीटीवी फुटेज देखे. इनमें एक मारुति ईको वैन घटना के आसपास संदिग्ध तरीके से इलाके में घूमती दिखाई दी. शुरुआत में वैन का नंबर साफ नहीं दिख रहा था. इसके बाद पुलिस ने अलग-अलग कैमरों की फुटेज को जोड़कर गाड़ी की आवाजाही का पूरा रास्ता खंगाला. सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस वैन के मालिक तक पहुंच गई. गाड़ी नारायणा गांव निवासी राजिंदर कुमार के नाम पर थी.
इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ के दौरान उसने किराए को लेकर हुए विवाद और हत्या की बात कबूल करने की जानकारी दी. पुलिस ने राजिंदर की पत्नी कामिनी की निशानदेही पर मारुति ईको वैन बरामद की. वहीं, बेटे लक्ष्य की जानकारी के आधार पर मृतक के कपड़े और जूते भी बरामद कर लिए गए. पुलिस ने तीनों आरोपियों को शुक्रवार रात गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान कराने की कोशिश कर रही है.
About the Author

Anoop Kumar Mishra is currently serving as Assistant Editor at News18 Hindi Digital, where he leads coverage of strategic domains including aviation, defence, paramilitary forces, international…
और पढ़ें












