Last Updated:
रोहतक के मिलन ढाबे पर बदमाशों की खूनी शूटआउट में एक बेगुनाह की भी मौत हो गई. इनकी गोलीबारी में मारा गया हिमांशु पूरी तरह बेगुनाह था. उसकी गलती ये थी कि गलत वक्त पर गलत जगह मौजूद था. मृतक के चाचा के मुताबिक, वह रात में अपनी बहन के यहां लौटते समय ढाबे पर खाना खाने रुका था. फायरिंग शुरू होते ही जान बचाने के लिए दौड़ा, तो हमलावरों ने उसे दूसरे गुट का साथी समझकर गोलियां से भून दिया.
Rohtak Shootout: शहर के मिलन ढाबे पर हुए शूटआउट एक बेगुनाह की मौत से सनसनी मच गई. अंधाधुंध फायरिंग में जान गंवाने वाले युवकों में शामिल हिमांशु का इस पूरी रंजिश या विवाद से दूर-दूर तक कोई वास्ता नहीं था. वह महज गलत समय पर गलत जगह पहुंच जाने के कारण बेमौत मारा गया. परिजनों के दावे के साथ ही अब पुलिस की शुरुआती तफ्तीश ने भी उसकी बेगुनाही पर मुहर लगा दी है.
हिमांशु के चाचा ने भतीजे की मौत की पूरी दास्तां बयां करते हुए बताया कि घटना वाली रात वह अपनी बहन के यहां लौट रहा था. रास्ते में भोजन करने के इरादे से वह मिलन ढाबे पर रुक गया. वहां वह दूसरे ग्राहकों की तरह एक अलग टेबल पर बैठकर आराम से खाना खा रहा था. उसे इस बात का जरा भी अंदेशा नहीं था कि अगले ही पल वहां गोलियां बरसने वाली हैं.
जान बचाने के लिए दौड़ा तो बदमाशों ने समझा साथी
चाचा के अनुसार, ढाबे पर अचानक बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. गोलियों की तड़तड़ाहट और अफरा-तफरी के बीच खुद को सुरक्षित करने के लिए हिमांशु अपनी जगह से उठकर भागने लगा. बदकिस्मती से हमलावरों को गलतफहमी हो गई कि वह भी उन्हीं तीन युवकों के साथ है, जिन्हें वे निशाना बनाने आए थे. इसी भ्रम में शूटरों ने उसे भी गोलियों से छलनी कर दिया और मौके पर ही उसकी जान चली गई.
तीनों मृतकों से नहीं थी कोई पहचान
परिवार का साफ कहना है कि हिमांशु वारदात में मारे गए अन्य तीनों लड़कों विनीत, रिंकू और यश में से किसी को नहीं जानता था. पुलिस अधिकारियों ने भी अपनी जांच में इस बात की तस्दीक कर दी है. अब तक की छानबीन में हिमांशु का कोई भी पुराना आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है. वहीं इसके उलट, गोलीबारी में ढेर हुए विनीत, रिंकू और यश के खिलाफ पहले से मामले दर्ज हैं. एक बेकसूर की इस तरह मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है.
About the Author

सिविल सर्विसेज की तैयारी करते-करते कब 4 साल पहले पत्रकारिता की ओर झुकाव हो गया पता ही नहीं चला. नाम दीप राज दीपक है. वर्तमान में News18 हिंदी के साथ जुड़े हुए हैं. पद सब-एडिटर …











