रोहतक. 25 नवंबर की रात के करीब 12 बज रहे थे. रोहतक शहर से करीब 10 किमी दूर दिल्ली हाईवे पर मिलन ढाबे पर काफी संख्या में लोग खाना खा रहे थे. इस दौरान चार युवक रिंकू, विनीत, सन्नी और हर्ष भी खाना खा रहे थे. हालांकि, चारों को अंदेशा नहीं था कि वह अपनी जिदंगी का आखिरी डिनर कर रहे हैं. इस सब के बीच हिमांशु नाम का युवक भी ढाबे पर खाना खा रहा था. हिमांशु के लिए यह जिंदगी का आखिरी डिनर साबित हुआ और बेगुनाह होते हुए भी उसे जान गवानी पड़ी. उधर, अब दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीम भी रोहतक में मुआयना करने पहुंची है.
दसअसल, हरियाणा के रोहतक में खरावड़ गांव के पास दिल्ली रोड पर बुधवार की रात को मिलन ढाबे पर गैंगवार के चलते चार युवकों की हत्या कर दी गई. इसमें तीन युवकों का जहां एक गैंग से संबंध था, लेकिन हिमांशु का किसी गैंग से कोई लेना देना नहीं था. अब पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आठ टीमें बनाई गई हैं.
सन्नी की पुरानी रंजिश बनी हत्याकांड की वजह
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गैंगस्टर हिमांशु उर्फ भाऊ और दो भाइयों अंकित उर्फ बाबा और सन्नी के साथ पुरानी रंजिश है. अंकित जेल में बंद है और उसका छोटा भाई सन्नी जमानत पर बाहर चल रहा है. बुधवार रात करीब को सन्नी अपने तीन साथियों के साथ ही मिलन ढाबे पर खाना खा रहे थे. पुलिस को तीनों के शव होटल के अंदर फर्श पर खून से लथपथ मिले. पुलिस इस हत्याकांड को आपसी रंजिश और गैंगवार से जोड़कर देख रही है. क्योंकि मरने वाले तीन लड़के विनीत, रिंकू और यश एक बाबा गैंग के सदस्य बताए जा रहे है. इन तीनों पर पहले से आपराधिक मामले दर्ज है. चौथे मृतक हिमांशु पर कोई मामला सामने नहीं आया है. पुलिस के सूत्रों के मुताबिक बाबा गैंग और हिमांशु भाऊ गैंग के बीच साल 2019 से दुश्मनी चली आ रही है.इसी दुश्मनी के चलते अभी तक 9 हत्याएं हो चुकी है.
रोहतक के मिलन ढाबे के बाहर पुलिस की गाड़ी.
काफी संख्या में खाना खा रहे थे लोग
बताया जा रहा है कि आधी रात को मिलन ढाबे पर काफी संख्या में लोग खाना खा रहे थे क्योंकि हाईवे पर यह ढाबा है. अंधाधुंध फायरिंग के बीच होटल में अफरा-तफरी मच गई और अन्य लोगों और स्टाफ ने टेबलों के नीचे छुपकर जान बचाई. गोलीकांड के बाद दो गाड़ियों में सवार होकर दिल्ली की तरफ भाग गए. इस दौरान आरोपी रिटौली के रहने वाले सन्नी के बारे में पूछताछ कर रहे थे. 2022 में हुए हिमांशु उर्फ भाऊ के चचेरे भाई रोहित उर्फ बजरंग हत्याकांड में सन्नी सहित आठ लोग नामजद है. बजरंग हत्याकांड के आरोपी अनिल और दिनेश उर्फ गोगा सहित तीन आरोपियों की हत्या हो चुकी है. फिलहाल, पुलिस की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है. लेकिन हरियाणा में लॉएंड ऑर्डर को लेकर काफी सवाल उठ रहे हैं.
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीम भी रोहतक में मुआयना करने पहुंची है.
भाऊ गैंग ने ली हत्याकांड की जिम्मेदारी
इंस्टाग्राम पर भाऊ गैंग की तरफ से इस हत्याकांड की जिम्मेदारी ली गई है. एक पोस्ट में लिखा गया कि आज मिलन ढाबे पर जो मर्डर हुए हैं, वो रोहित बजरंग और सोनू दीघल के बदले में हुए हैं. थोड़ा सोच समझ के किसी की गाड़ी मे बैठा करो और किसके साथ दुश्मनी है…देख लिया करो. बाकी रही बात चोर तेरी. ये मत सोचिए कि माफी मांगने से बच जाएगा. तू मरा नहीं है और तुझे लास्ट में मरवाऊंगा. पहले तुझे सब की लाशें दिखाऊंगा फेर लास्ट में तुम दोनों भाइओ को मरवाऊंगा. बाकी रही बात कि तुम्हारा वो लेवल नहीं हैं कि हम सोशल मीडिया पे जवाब दें. म्हारा जवाब अखबार दे रहा है और बाकी देखो अब अगली न्यूज किसकी आएगी. इस पोस्ट में सन्नी और अंकित को निशाने पर लिया गया है.











