अंबाला: महिलाओं में खून की कमी यानी एनीमिया की समस्या आम होती जा रही है. कई बार महिलाएं थकान, कमजोरी और चक्कर आने जैसे लक्षणों को सामान्य समझकर नजरअंदाज कर देती हैं. जबकि ये शरीर में हीमोग्लोबिन की कमी के संकेत हो सकते हैं. मासिक धर्म के दौरान अधिक रक्तस्राव, असंतुलित खान-पान और पर्याप्त पोषण नहीं मिलना एनीमिया के प्रमुख कारणों में शामिल हैं. अंबाला शहर के नागरिक अस्पताल की होम्योपैथिक डॉक्टर रजिता ने लोकल 18 को बताया कि महिलाओं में एनीमिया की समस्या के पीछे कई वजहें हो सकती हैं.
पीरियड्स के दौरान ज्यादा ब्लीडिंग होने से शरीर में आयरन की कमी हो सकती है. इसके अलावा लिवर से जुड़ी समस्याएं और अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां भी खून की कमी से जुड़ी हो सकती हैं. बच्चों में भी एनीमिया की समस्या देखने को मिलती है. डॉक्टर के मुताबिक, साफ-सफाई का ध्यान नहीं रखने से बच्चों के पेट में कीड़े हो सकते हैं, जिससे शरीर को पर्याप्त पोषण नहीं मिल पाता और खून की कमी का खतरा बढ़ जाता है.
थकान और चक्कर आना लक्षण
डॉक्टर रजिता ने बताया कि एनीमिया होने पर त्वचा का रंग पीला पड़ना, लगातार थकान महसूस होना, ज्यादा नींद आना और किसी काम में मन नहीं लगना जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं. इसके अलावा चक्कर आना और शरीर में कमजोरी भी खून की कमी के संकेत हैं. ऐसे लक्षण दिखने पर उन्हें नजरअंदाज करने के बजाय जांच करवानी चाहिए.
डाइट में शामिल करें आयरन और विटामिन C से भरपूर चीजे
खून की कमी से बचाव के लिए भोजन में पौष्टिक चीजों को शामिल करना जरूरी है. पालक, मेथी, बथुआ, गाजर, काले चने, राजमा, मसूर की दाल, सोयाबीन, तिल, बाजरा और रागी का सेवन किया जा सकता है. इसके साथ ही किन्नू, नींबू, आंवला, अमरूद और संतरे जैसे विटामिन C से भरपूर फल खाने चाहिए. विटामिन C शरीर में आयरन के अवशोषण में मदद करता है. डॉक्टर ने सलाह दी कि खाना खाने के तुरंत बाद चाय या कॉफी पीने से बचें, क्योंकि इससे आयरन का अवशोषण प्रभावित हो सकता है.
हीमोग्लोबिन की जांच से पता चलेगी खून की कमी
डॉक्टर रजिता के अनुसार, होम्योपैथिक पद्धति में मरीज के लक्षणों के आधार पर दवाइयां दी जाती हैं. हालांकि, एनीमिया का कारण जानने के लिए हीमोग्लोबिन और जरूरत के अनुसार अन्य जांच करवाना जरूरी है. पीरियड्स में ज्यादा ब्लीडिंग, लगातार थकान या चक्कर आने की समस्या होने पर डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए. खून की कमी का सही इलाज करने के लिए उसके मूल कारण की पहचान करना जरूरी है.










