Weather Alert Haryana: हरियाणा में शीतलहर ने लोगों को कंपकंपा दिया है। पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं ने प्रदेश में सर्दी का असर तेजी से बढ़ा दिया है। इससे दिन और रात दोनों के तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। इसी के चलते मौसम विभाग ने प्रदेश के 7 जिलों में अगले 24 घंटों के लिए शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया है। जिन जिलों में अलर्ट लागू किया गया है उनमें सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र और करनाल शामिल हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) का कहना है कि आने वाले दिनों में हरियाणा के कई हिस्सों में शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है। इसी प्रभाव के कारण हिसार का न्यूनतम तापमान गिरकर 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो इस मौसम में सामान्य से काफी कम है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार दिसंबर के महीने में हरियाणा के हिसार, नारनौल, भिवानी और महेंद्रगढ़ जैसे जिलों में तापमान कई बार जमाव बिंदु के आसपास पहुंच जाता है। विशेषज्ञों ने आगे बताया कि आने वाले दिनों में तापमान और नीचे जाने की संभावना है। पशु वैज्ञानिकों ने किसानों को पशुओं को खुले स्थान पर न बांधने और रात के समय करीब में अलाव जलाने की सलाह दी है।
1 दिसंबर को प्रदेश में अधिकतम तापमान भी सामान्य से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार हिसार और भिवानी का अधिकतम तापमान 25.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से लगभग 1.4 डिग्री कम है। वहीं फरीदाबाद में अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.1 डिग्री नीचे है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि राज्य में मौसम आगामी 5 दिसंबर तक शुष्क रहने की संभावना है। 1 दिसंबर से ही रात्रि तापमान में लगातार गिरावट शुरू हो चुकी है। वातावरण में नमी रहने के कारण उत्तर और पश्चिमी हरियाणा के जिलों में सुबह के समय हल्की धुंध और दक्षिणी जिलों में हल्की से मध्यम घनी धुंध देखने की संभावना है। उन्होंने कहा कि उत्तर-पश्चिमी दिशा से चलने वाली बर्फीली हवाएं हल्की से मध्यम गति से चलेंगी, जिससे सुबह-शाम ठिठुरन बनी रहेगी जबकि दिन में धूप खिली रहेगी।













