Haryana Weather Update: बारिश के बाद प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। अंबाला में सीजन का पहला कोहरा देखने को मिला, जिसके साथ ही सर्दी ने भी दस्तक दे दी है। सुबह के समय खेतों से घिरे कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) और कुंडली-गाजियाबाद-पलवल (KGP) एक्सप्रेसवे पर कोहरे का ज्यादा असर दिखाई दिया। कम दृश्यता के कारण वाहन चालकों को परेशानी हुई और सड़कों पर गाड़ियों की रफ्तार धीमी पड़ गई।
अंबाला में सुबह के समय कोहरे की चादर छाई रही। बारिश के बाद तापमान में आए बदलाव से मौसम ने करवट ली है। सुबह और शाम के समय ठंडक महसूस होने लगी है, जिससे सर्दी की शुरुआत का अहसास होने लगा है। सुबह के शुरुआती घंटों में खुले खेतों के बीच से गुजरने वाले सोनीपत में स्थित KMP और KGP एक्सप्रेसवे पर कोहरे का असर ज्यादा रहा। कम दृश्यता के कारण वाहन चालकों को आगे का रास्ता देखने में दिक्कत हुई। ऐसे में गाड़ियों की रफ्तार धीमी रही और लोगों को सफर के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ी।
धूप निकलते ही छंटा कोहरा
सुबह कोहरे का असर रहने के बाद जैसे ही धूप खिली, धीरे-धीरे दृश्यता बेहतर होने लगी और कोहरा छंट गया। इसके बाद सड़कों पर वाहनों की आवाजाही सामान्य होने लगी। बारिश के बाद तापमान में बदलाव और सुबह की धुंध ने प्रदेश में बदलते मौसम का संकेत दे दिया है।










