New Flyover: हरियाणा के इस जिले में बनेगा नया फ्लाईओवर, लोगों को मिलेगी बड़ी राहत

On: January 17, 2026 10:47 AM
Follow Us:
New Flyover

New Flyover: हरियाणा के पानीपत शहर में लंबे समय से ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। विधायक प्रमोद विज के प्रयासों के बाद मुख्यमंत्री नायब सैनी ने शहर में नए फ्लाईओवर के निर्माण को स्वीकृति दे दी है। यह फ्लाईओवर दिल्ली पैरलल नहर के पास जाटल रोड और रिफाइनरी रोड क्रॉसिंग पर बनाया जाएगा, जिससे इस व्यस्त मार्ग पर यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार आने की उम्मीद है।

विधायक प्रमोद विज ने बताया कि प्रस्तावित फ्लाईओवर का निर्माण करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। हरियाणा राज्य सड़क विकास निगम की ओर से परियोजना के लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है। फ्लाईओवर बनने के बाद जाटल रोड पर लगने वाले लंबे जाम से लोगों को काफी हद तक निजात मिलेगी।

जाटल रोड पानीपत के प्रमुख और व्यस्त मार्गों में से एक है, जहां से प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं। दिल्ली पैरलल नहर की क्रॉसिंग पर अक्सर ट्रैफिक का दबाव बना रहता है, जिससे लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ता है। फ्लाईओवर के निर्माण से यातायात सुचारू होगा और राहगीरों व वाहन चालकों का समय बचेगा।

इस परियोजना से मुखीजा कॉलोनी, आरके पुरम, सैनी कॉलोनी, राजपूत कॉलोनी, सोंधापुर, सुताना, कश्यप कॉलोनी, क्रांति नगर, ओम कॉलोनी, वाल्मीकि नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। फ्लाईओवर के जरिए शहर और बाहरी इलाकों के बीच कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।

विधायक प्रमोद विज ने इस परियोजना के लिए मुख्यमंत्री नायब सैनी और लोक निर्माण विभाग मंत्री रणबीर गंगवा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार प्रदेश के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने को प्राथमिकता दे रही है और इसी दिशा में तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं। नए फ्लाईओवर से पानीपत शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now