हरियाणा परिवहन विभाग को मिलेगा अपना मुख्यालय, इस जिले में 80 करोड़ की लागत से निर्माण शुरू

On: January 27, 2026 10:50 AM
Follow Us:
हरियाणा परिवहन विभाग को मिलेगा अपना मुख्यालय, इस जिले में 80 करोड़ की लागत से निर्माण शुरू

हरियाणा के पंचकूला में परिवहन विभाग के बहुप्रतीक्षित मुख्यालय का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। अब तक विभाग का अपना कोई स्वतंत्र भवन नहीं था और वर्ष 1966 में पंजाब से अलग होने के बाद से ही परिवहन महानिदेशालय और आयुक्तालय चंडीगढ़ सेक्टर-17 स्थित श्रम विभाग के भवन से संचालित हो रहा था। लंबे समय से चली आ रही इस समस्या का समाधान करते हुए अब पंचकूला सेक्टर-5 में दमकल विभाग के साथ साझा परिसर में नए मुख्यालय का निर्माण कराया जा रहा है।

करीब साढ़े तीन एकड़ भूमि पर बनने वाले इस आधुनिक मुख्यालय पर लगभग 80 करोड़ रुपये की लागत आएगी। निर्माण कार्य को 9 जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। फिलहाल साइट पर बेसमेंट की खुदाई का काम चल रहा है। इस परियोजना को हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉर्पोरेशन द्वारा पूरा कराया जा रहा है, जबकि निर्माण कार्य अंबाला की श्रीरामजी दास बिल्डर्स कंस्ट्रक्शन कंपनी को सौंपा गया है।

नए परिवहन मुख्यालय में लगभग तीन लाख स्क्वायर फीट का कवर्ड एरिया होगा और भवन पूरी तरह से एयरकंडीशन होगा। इसमें दो बेसमेंट पार्किंग के लिए होंगे, ताकि कर्मचारियों और आम लोगों को आने-जाने में कोई परेशानी न हो। भवन में चार प्रमुख कार्यालय स्थापित किए जाएंगे, जिनमें हरियाणा रोडवेज के महानिदेशक का कार्यालय, परिवहन आयुक्त कार्यालय, सड़क सुरक्षा शाखा और अन्य प्रशासनिक शाखाएं शामिल होंगी।

खास बात यह है कि नए मुख्यालय में वीआईपी नंबर ब्रांच भी स्थापित की जाएगी। 1 से 99 तक के विशेष नंबरों के पंजीकरण, ई-ऑक्शन और अन्य संबंधित सेवाएं अब पंचकूला में ही उपलब्ध होंगी। इससे आम जनता को चंडीगढ़ जाने की मजबूरी से राहत मिलेगी और सभी सेवाएं एक ही छत के नीचे मिल सकेंगी।

हरियाणा परिवहन विभाग में वर्तमान में करीब 15 से 16 हजार कर्मचारी कार्यरत हैं। मुख्यालय के पंचकूला स्थानांतरित होने के बाद कर्मचारियों को अपने प्रशासनिक कार्यों के लिए चंडीगढ़ नहीं जाना पड़ेगा। साथ ही, पंचकूला में पहले से मौजूद अन्य विभागों के मुख्यालयों के कारण आपसी समन्वय भी आसान होगा और सरकारी कामकाज में तेजी आएगी।

परिवहन आयुक्त के अनुसार, निर्माण कार्य तय समयसीमा में पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है और नया मुख्यालय राज्य में परिवहन व्यवस्था को और अधिक सुचारू व आधुनिक बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।

वैशाली वर्मा

वैशाली वर्मा पत्रकारिता क्षेत्र में पिछले 3 साल से सक्रिय है। इन्होंने आज तक, न्यूज़ 18 और जी न्यूज़ में बतौर कंटेंट एडिटर के रूप में काम किया है। अब मेरा हरियाणा में बतौर एडिटर कार्यरत है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Follow Now