सोनीपत के शहरी विकास को नई गति देने और पर्यावरण संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के उद्देश्य से हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HUDA) के प्रधान सलाहकार डीएस ढेसी ने सोमवार को सोनीपत में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वायु और जल प्रदूषण की रोकथाम, सड़कों की गुणवत्ता, बुनियादी ढांचे का विकास और बड़ी परियोजनाओं को समय पर पूरा करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रधान सलाहकार डीएस ढेसी ने कहा कि वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाए। उन्होंने नगर निगम आयुक्त और संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि शहर की प्रमुख और आंतरिक सड़कों की नियमित व प्रभावी सफाई सुनिश्चित की जाए। इसके लिए स्वीपिंग मशीनों का लगातार उपयोग किया जाए, ताकि धूल के कारण बढ़ने वाले प्रदूषण पर नियंत्रण पाया जा सके। साथ ही जिले से गुजरने वाली सभी ड्रेनों की नियमित मॉनिटरिंग कर यह सुनिश्चित किया जाए कि उनमें किसी भी प्रकार का गंदा पानी न छोड़ा जाए।
इस दौरान डीएस ढेसी ने सोनीपत महानगर विकास प्राधिकरण (SMDA) की छठी मासिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए शहर में चल रहे विकास कार्यों और प्रस्तावित परियोजनाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं, ताकि आम जनता को समय पर सुविधाओं का लाभ मिल सके।
बैठक में रिठाला-नरेला-कुंडली मेट्रो परियोजना और आरआरटीएस (रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम) की प्रगति की भी समीक्षा की गई। डीएस ढेसी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं में तेजी लाई जाए, ताकि तय समय में इन्हें पूरा किया जा सके। उन्होंने सिंचाई विभाग और एनएचएआई से जुड़े लंबित एनओसी मामलों को भी शीघ्र नियमानुसार निपटाने के आदेश दिए।
सड़क और फुटपाथ निर्माण कार्यों को लेकर प्रधान सलाहकार ने बताया कि एसएमडीए द्वारा सड़कों के निर्माण और मरम्मत के लिए 23.84 करोड़ रुपये तथा फुटपाथ निर्माण के लिए 10 करोड़ रुपये के कार्य अलॉट किए जा चुके हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी अलॉट किए गए कार्य तय समय में और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरे होने चाहिए। जो कार्य अभी अलॉट नहीं हुए हैं, उन्हें भी जल्द अलॉट कर विकास कार्यों में किसी प्रकार की देरी न होने दी जाए।
डीएस ढेसी ने ‘म्हारी सड़क’ पोर्टल की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि पोर्टल पर दर्ज होने वाली सभी शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को सड़कों से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र निपटारा मिल सके।
बैठक में शहर के मुख्य चौराहों के सौंदर्यकरण, जलापूर्ति व्यवस्था, अपशिष्ट जल उपचार संयंत्र, प्रमुख सड़कों और जिले के समग्र बुनियादी ढांचे के विकास पर भी विस्तार से चर्चा की गई। प्रधान सलाहकार ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि विकास योजनाएं समय पर धरातल पर उतर सकें।
पर्यावरण संरक्षण को लेकर डीएस ढेसी ने ड्रेन-6 के दूषित पानी को सीधे यमुना नदी में जाने से रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यमुना नदी को प्रदूषण से बचाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और इस दिशा में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इसके अलावा उन्होंने सोनीपत नगर निगम क्षेत्र में चिन्हित दो पार्किंग स्थलों और खरखौदा में चिन्हित एक पार्किंग स्थल की भी समीक्षा की तथा यातायात सुधार और पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में एसएमडीए की सीईओ ए. मोना श्रीनिवास, उपायुक्त सुशील सारवान, नगर निगम आयुक्त हर्षित कुमार, एडीसीपी कुशाल सिंह, एचसीएस मीना हुड्डा, एसडीएम सुभाष चंद्र, नगराधीश डॉ. अनमोल, जिला नगर योजनाकार अजमेर सिंह, जीएम रोडवेज संजय कुमार सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।












